Patna News :(अमिताभ श्रीवास्तव) चौक थाना क्षेत्र के राजाराम गली स्थित श्याम मंदिर मार्ग में बुधवार को लगभग साढ़े 11 बजे एक गंभीर घटना सामने आई. पारिवारिक विवाद के दौरान एक मकान में पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने से दंपति सहित चार लोग झुलस गए.
घटना के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एनएमसीएच) भेजा गया है. आग लगने से मकान को भी काफी नुकसान पहुंचा है.
पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का आरोप
पीड़ित पक्ष के अनुसार, एक व्यक्ति दो बोतल पेट्रोल लेकर घर आया था. इसके बाद उसने घर के अंदर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी. इस घटना में पुरुषोत्तम अग्रवाल, उनकी पत्नी निर्मला अग्रवाल, पुत्रवधू मोनी और एक बच्चा गंभीर रूप से झुलस गए. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल हो गया और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए.
मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल टीम
सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने में जुट गई. तंग गली होने के कारण आग बुझाने में काफी कठिनाई हुई. डीएसपी-2 डॉ. गौरव कुमार ने बताया कि प्राथमिक जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. सभी घायलों का इलाज जारी है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
एफएसएल टीम कर रही जांच, हर पहलू पर पड़ताल
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को भी जांच के लिए बुलाया है. अधिकारियों के अनुसार, घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है, जिसमें पारिवारिक विवाद और अन्य संभावित कारण शामिल हैं.
ALSO READ: पीएम श्री स्कूल में चुनावी माहौल, बच्चों ने संभाली कमान, चुनी अपनी सरकार
