पटना में झूला झूलने के दौरान 12 वर्षीय बालक की दर्दनाक मौत, ओढ़नी का फंदा गले में फंसने से गई जान

Patna News: पटना के फुलवारी शरीफ के मझौली गांव में झूला झूलते समय ओढ़नी का फंदा गले में फंसने से 12 वर्षीय बालक की दर्दनाक मौत हो गई. परिजनों को पोस्टमार्टम के लिए पुलिस ने घंटों समझाया.

Patna News: (अजीत कुमार की रिपोर्ट) फुलवारी शरीफ प्रखंड अंतर्गत मानपुर अंडा पंचायत के मझौली गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में 12 वर्षीय बालक की मौत हो गई. मृतक की पहचान मझौली मुसहरी निवासी सुदर्शन मांझी के पुत्र आदित्य कुमार के रूप में हुई है. घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह आदित्य कुमार गांव के अन्य बच्चों के साथ बकरी चराने खेत की ओर गया था. इसी दौरान उसने एक ओढ़नी अपने साथ रखी थी. खेलते-खेलते उसने पेड़ की डाल में ओढ़नी बांधकर झूला बनाने का प्रयास किया, लेकिन अचानक ओढ़नी का फंदा उसके गले में फंस गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया.

घटनास्थल पर पहुंचे ग्रामीण

साथ मौजूद अन्य बच्चे घटना से घबरा गए और मौके से भागकर गांव पहुंचे तथा परिजनों को सूचना दी. सूचना मिलते ही ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन तब तक बालक की मौत हो चुकी थी. घटना से गांव में कोहराम मच गया और माहौल गमगीन हो गया.

परिवार में गम का माहौल

मृतक के पिता सुदर्शन मांझी मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं. आर्थिक रूप से कमजोर इस परिवार पर बच्चे की असामयिक मौत से दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. घटना के बाद पूरे मझौली गांव में शोक का माहौल है और लोग पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं.

मौके पर पहुंची पुलिस, मशक्कत के बाद पोस्टमार्टम के लिए राजी

घटना की सूचना पर फुलवारी शरीफ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की, लेकिन परिजन इसके लिए तैयार नहीं हुए. परिजनों को समझाने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी घंटों प्रयास करते रहे.

स्थिति को देखते हुए स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी मौके पर बुलाया गया. मानपुर अंडा पंचायत के मुखिया सुनील यादव और सरपंच ने परिजनों को समझाकर कानूनी प्रक्रिया की आवश्यकता बताई. काफी समझाने के बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए राजी हुए, जिसके बाद रात करीब आठ बजे शव को एम्स पटना भेजा गया. मुखिया सुनील यादव ने पीड़ित परिवार के लिए मुआवजे और सरकारी सहायता की मांग की है.

पुलिस ने क्या कहा?

फुलवारी शरीफ थाना के सब इंस्पेक्टर मनीष कुमार ने बताया कि बच्चा बकरी चराने के दौरान खेल-खेल में झूला बनाते समय हादसे का शिकार हुआ. प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटना का प्रतीत होता है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Also Read: गया के 15 केंद्रों पर आज बीसीईसीई-2026 प्रवेश परीक्षा, 7400 से अधिक परीक्षार्थी होंगे शामिल

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Nikhil Anurag

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >