दानापुर: तिरंगा रैली में बिगड़ी तबीयत, सड़क किनारे गिरे नगर परिषद कर्मी; इलाज से पहले मौत

पटना के दानापुर में तिरंगा रैली के दौरान एक नगर परिषद कर्मी की तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई. रैली में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं. घटना के बाद परिजनों को शव सौंप दिया गया है.

Patna News : दानापुर नगर परिषद प्रशासन की ओर से शुक्रवार को निकाली गयी तिरंगा रैली के दौरान एक नगर परिषद कर्मी की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गयी. रैली में शामिल 44 वर्षीय धर्मवीर कुमार चक्कर आने की बात कहकर रजिस्ट्री ऑफिस के पास सड़क किनारे गिर गये और काफी देर तक बेहोशी की हालत में पड़े रहे. इस दौरान रैली आगे बढ़ गयी. बाद में नगर परिषद कर्मियों ने उन्हें ऑटो से अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया.

जानीपुर निवासी था धर्मवीर

मृतक की पहचान जानीपुर थाना क्षेत्र के नगवां निवासी रामधार राम के पुत्र धर्मवीर कुमार के रूप में हुई है. वह दानापुर नगर परिषद के योजना विभाग में सहायक के पद पर कार्यरत थे. नगर प्रबंधक अमरेंद्र कुमार ने बताया कि धर्मवीर एडम एजेंसी के तहत दैनिक कर्मी के रूप में कार्यरत थे.

चक्कर आने पर आराम करने की मांगी थी अनुमति

नगर परिषद के योजना कर्मी टिंकू कुमार ने बताया कि शुक्रवार को नगर परिषद कार्यालय से तिरंगा रैली निकाली गयी थी. रैली जब रजिस्ट्री ऑफिस के आगे पहुंची तो धर्मवीर ने साथियों से कहा कि उन्हें चक्कर आ रहा है. इसके बाद कार्यालय जाकर एसी चालू कर आराम करने की बात कही गयी और उन्हें कार्यालय की चाबी भी दी गयी.

टिंकू कुमार के अनुसार, इसके बाद रैली में शामिल अन्य कर्मी आगे बढ़ गये. रैली एसडीओ कार्यालय पहुंचकर समाप्त हुई. नगर परिषद कर्मी वापस कार्यालय लौट रहे थे. इसी दौरान रजिस्ट्री ऑफिस के पास भीड़ देखकर वे रुके. गाड़ी से उतरकर देखा तो धर्मवीर सड़क किनारे बेहोश पड़े थे और वहां डायल 112 की गाड़ी भी मौजूद थी.

ऑटो से अस्पताल पहुंचाया, डॉक्टर ने मृत घोषित किया

नगर परिषद कर्मियों ने धर्मवीर को ऑटो से अस्पताल पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया और ईसीजी भी कराया, लेकिन जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया.

कड़ी धूप में रैली, एंबुलेंस नहीं होने पर उठे सवाल

नगर परिषद कर्मियों ने बताया कि शुक्रवार को कड़ी धूप में तिरंगा रैली निकाली गयी थी. रैली के दौरान किसी तरह की चिकित्सकीय सहायता या एंबुलेंस की व्यवस्था नहीं की गयी थी. कर्मियों का कहना है कि यदि मौके पर एंबुलेंस उपलब्ध होती तो धर्मवीर को तत्काल अस्पताल पहुंचाया जा सकता था और संभव है कि उनकी जान बच जाती.

यूडी केस दर्ज, पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा

दानापुर थानाध्यक्ष पीके भारद्वाज ने बताया कि मामले में यूडी केस दर्ज किया गया है. पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. पुलिस मामले की आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर रही है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजय कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >