Patna News : नगर निकायों में लंबे समय से एक ही डेस्क या प्रभार संभाल रहे कर्मियों पर अब स्थानांतरण की कार्रवाई होगी. बिहार सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग ने नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायतों में तीन वर्षों से अधिक समय से एक ही कार्य या प्रभार में जमे कर्मियों के दायित्व में बदलाव करने का निर्देश दिया है.
लंबे समय तक एक ही काम करने पर विभाग ने जतायी चिंता
नगर विकास एवं आवास विभाग के विशेष सचिव शाहिद परवेज ने बिहार नगरपालिका अधिनियम, 2007 की धारा 67 के तहत सभी नगर निगमों के नगर आयुक्तों तथा नगर परिषद और नगर पंचायतों के कार्यपालक पदाधिकारियों को निर्देश जारी किया है. विभाग ने कहा है कि लंबे समय से एक ही प्रकार का काम करने वाले कर्मियों के कार्यों में आवर्तन जरूरी है, ताकि प्रशासनिक व्यवस्था में निष्पक्षता, पारदर्शिता और जवाबदेही बनी रहे.
भ्रष्टाचार की आशंका को लेकर लिया गया फैसला
विभागीय पत्र में कहा गया है कि किसी कर्मचारी का लंबे समय तक एक ही डेस्क या सेवा काल के दौरान एक ही प्रकार के कार्य में बने रहना प्रशासनिक दृष्टिकोण से उचित नहीं है. विभाग ने इसे भ्रष्टाचार के प्रमुख कारणों में से एक बनने की आशंका भी जतायी है. ऐसे में कर्मियों के कार्य और प्रभार में बदलाव को सुशासन के लिए जरूरी बताया गया है.
तीन साल से अधिक समय से जमे कर्मियों का होगा आवर्तन
निर्देश के अनुसार नगर निकायों में तीन वर्षों से अधिक समय से एक ही डेस्क अथवा प्रभार पर कार्यरत कर्मियों की पहचान कर उनका आवर्तन किया जाना है. संबंधित कर्मियों को दूसरे कार्य या प्रभार में स्थानांतरित करने की कार्रवाई करने को कहा गया है.
एक सप्ताह में विभाग को देनी होगी रिपोर्ट
नगर विकास एवं आवास विभाग ने सभी नगर निकायों को कार्रवाई पूरी कर इसकी रिपोर्ट एक सप्ताह के अंदर विभाग को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है. आदेश जारी होने के बाद नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायतों में लंबे समय से एक ही डेस्क या प्रभार संभाल रहे कर्मियों के बीच हलचल बढ़ गयी है.
