Patna News: (अनुराग प्रधान की रिपोर्ट) बिहार को औद्योगिक हब बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक और बड़ा कदम बढ़ाया है. उद्योग निदेशक मुकुल कुमार गुप्ता ने बिहार इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग सिटी (आइएमसी) गया का दौरा कर वहां चल रहे विकास कार्यों और निवेश की संभावनाओं का जायजा लिया. इस दौरान कई बड़े उद्योग समूहों के प्रतिनिधि भी परियोजना स्थल पर पहुंचे, जिससे बिहार में औद्योगिक निवेश को लेकर नई उम्मीदें जगी हैं.
उद्योगपतियों ने किया परियोजना स्थल का निरीक्षण
दौरे के दौरान टॉपवर्थ स्टील एंड पावर प्राइवेट लिमिटेड, लोधा कॉर्पोरेशन और अंकूर स्टील से जुड़े उद्योगपति अभय लोधा, अनमोल लोधा, राजकुमार और महिंद्रा शर्मा ने भी आइएमसी गया परियोजना स्थल का निरीक्षण किया. उनके साथ बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकरण (बियाडा) के अधिकारी भी मौजूद रहे. अधिकारियों ने निवेशकों को परियोजना से जुड़ी विभिन्न सुविधाओं और विकास योजनाओं की जानकारी दी.
मास्टर प्लान के जरिए दिखायी गयी औद्योगिक संभावनाएं
निरीक्षण के दौरान निवेशकों को आइएमसी गया का मास्टर प्लान मैप दिखाया गया और स्थल भ्रमण के माध्यम से उपलब्ध भूमि पार्सल की जानकारी भी दी गयी. अधिकारियों ने बताया कि यहां विश्वस्तरीय औद्योगिक इकोसिस्टम विकसित किया जा रहा है, जिससे बड़े उद्योगों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं मिल सकेंगी.
स्टील और पावर सेक्टर में निवेश को लेकर बढ़ी उम्मीद
दौरे के दौरान उद्योगपतियों ने आइएमसी गया में स्टील और पावर उत्पाद निर्माण इकाइयां स्थापित करने में गहरी रुचि दिखाई. इसे बिहार में तेजी से विकसित हो रहे औद्योगिक माहौल और निवेशकों के बढ़ते भरोसे का बड़ा संकेत माना जा रहा है. माना जा रहा है कि यदि ये निवेश प्रस्ताव जमीन पर उतरते हैं तो राज्य में हजारों युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकते हैं.
बिहार को औद्योगिक राज्य बनाने की दिशा में सरकार का फोकस
उद्योग विभाग के अधिकारियों ने कहा कि बिहार सरकार राज्य को उद्योग और रोजगार के क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए लगातार काम कर रही है. आइएमसी गया जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाएं बड़े निवेश आकर्षित करने के साथ-साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खोलने में अहम भूमिका निभाएंगी.
