Bihar Revenue Department: बिहार में जमीन सर्वे का काम तेजी से निपटाया जा रहा है. इस बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के मंत्री और अधिकारियों के साथ बैठक की. इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को आदेश दिया कि जमीन सर्वे के काम में तेजी लाई जाए. उन्होंने यह भी कहा कि स्पेशल ड्राइव चलाकर पूरे बिहार में जमीन सर्वे के काम को पूरा करें.
सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को दिया अल्टीमेटम
बैठक के दौरान सीएम सम्राट चौधरी ने यह स्पष्ट किया कि भूमि परिमार्जन का जो भी काम बिहार में हो रहा है, उस काम को किसी भी हालत में समय सीमा के अंदर पूरा करें. साथ ही जितने भी अधिकारी की जरुरत हो, उन्हें इस काम में लगाइए और पूरा कीजिए. इस तरह से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के अधिकारियों को अल्टीमेटम दिया है.
मंत्री दिलीप जायसवाल ने भी दिया आदेश
सीएम सम्राट चौधरी के साथ बैठक खत्म होने के बाद विभाग के मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि सरकार का मानना है कि भूमि विवाद के मामले में कई घटनाएं हो रही हैं, इसे रोकना है और इसे रोकने के लिए मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा है भूमि सर्वे का काम जल्द से जल्द पूरा कराया जाए. खासकर भूमि परिमार्जन का काम जो बिहार में चल रहा है, उसे जल्द से जल्द पूरा किया जाए.
शुक्रवार को मंत्री दिलीप जायसवाल ने दिया था आदेश
इससे पहले शुक्रवार को बिहार सरकार ने लंबित जमीन और राजस्व मामलों के निपटारे के लिए विशेष अभियान चलाने का फैसला लिया था. राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने अधिकारियों को 30 जून तक ई-मापी, जमाबंदी सुधार और लंबित आवेदनों का निष्पादन करने का निर्देश दिया था.
Also Read: बिहार के 10 इंजीनियरिंग कॉलेजों में शुरू होगी AI की पढ़ाई, देखिए लिस्ट
