बिहटा में नए प्रखंड भवन का रास्ता साफ, थाना और नगर परिषद को अब भी नई इमारत का इंतजार

Patna News: बिहटा प्रखंड मुख्यालय के नए भवन निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो गई है, लेकिन बिहटा थाना और नगर परिषद अब भी आधुनिक भवन की प्रतीक्षा कर रहे हैं. बढ़ती आबादी और प्रशासनिक कार्यभार के बीच पुराने ढांचे में कामकाज होने से कर्मचारियों और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

Patna News: (मोनु कुमार मिश्रा की रिपोर्ट) बिहटा प्रखंड मुख्यालय के नए भवन निर्माण की तैयारी शुरू होने के बाद क्षेत्र में विकास की नई उम्मीद जगी है. वर्षों से जर्जर पड़े सरकारी आवासीय भवनों को हटाकर आधुनिक प्रखंड सह अंचल कार्यालय के निर्माण का रास्ता साफ किया जा रहा है. हालांकि इसी बीच बिहटा के दो प्रमुख सरकारी संस्थान बिहटा थाना और नगर परिषद कार्यालय अब भी अपने स्थायी और आधुनिक भवन की प्रतीक्षा कर रहे हैं.

चार वर्षों से अस्थायी भवन में चल रहा नगर परिषद कार्यालय

तेजी से विकसित हो रहे बिहटा में नगर परिषद कार्यालय पिछले करीब चार वर्षों से अस्थायी रूप से ठाकुर प्रसाद वाटिका भवन में संचालित हो रहा है. अपना पर्याप्त कार्यालय परिसर नहीं होने के कारण प्रशासनिक कार्यों के संचालन में कई व्यावहारिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है.

नगर परिषद के सफाई वाहन, ट्रैक्टर, टैंकर और अन्य सरकारी वाहनों के रखरखाव एवं पार्किंग की समुचित व्यवस्था नहीं है. सीमित संसाधनों के बीच कर्मचारियों को काम करना पड़ रहा है, जिसका असर कार्य निष्पादन पर भी पड़ता है.

जर्जर भवन में संचालित हो रहा बिहटा थाना

दूसरी ओर बिहटा थाना भी वर्षों पुराने और जर्जर भवन में संचालित हो रहा है. बढ़ते अपराध नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारियों के बावजूद थाना परिसर में पर्याप्त जगह का अभाव है. कई पुलिस पदाधिकारी और कर्मी सरकारी आवास नहीं होने के कारण निजी मकानों में किराये पर रहने को मजबूर हैं. थाना परिसर में पेयजल, शौचालय, प्रतीक्षालय और अन्य बुनियादी सुविधाओं की कमी बनी हुई है. महिला पदाधिकारियों और सिपाहियों को भी कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है. शिकायत लेकर आने वाले लोगों को भी असुविधा झेलनी पड़ती है.

तेजी से बढ़ते बिहटा को चाहिए मजबूत प्रशासनिक ढांचा

बिहटा आज पटना जिले के सबसे तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्रों में शामिल है. यहां औद्योगिक निवेश, शहरीकरण और जनसंख्या में लगातार वृद्धि हो रही है. ऐसे में स्थानीय लोगों का मानना है कि प्रखंड कार्यालय की तरह थाना और नगर परिषद को भी आधुनिक भवन उपलब्ध कराया जाना चाहिए.

लोगों का कहना है कि मजबूत प्रशासनिक ढांचा ही तेजी से बढ़ते बिहटा की आवश्यकताओं को पूरा कर सकता है. अब लोगों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि प्रखंड कार्यालय के बाद आखिर कब बिहटा थाना और नगर परिषद को भी नए भवन की सौगात मिलेगी.

आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा नया प्रखंड भवन

प्रखंड विकास पदाधिकारी शिवजन्म राम ने बताया कि बिहटा प्रखंड मुख्यालय के नए भवन निर्माण की दिशा में प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. पुराने और जर्जर सरकारी आवासीय भवनों को हटाकर निर्माण एजेंसी को भूमि उपलब्ध कराई जा रही है.

उन्होंने कहा कि नया प्रखंड सह अंचल कार्यालय भवन आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा, जिससे आम लोगों को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं मिल सकेंगी. साथ ही उन्होंने कहा कि बिहटा के विकास और बढ़ती आबादी को देखते हुए अन्य महत्वपूर्ण सरकारी संस्थानों के लिए भी बेहतर आधारभूत सुविधाओं की आवश्यकता है. संबंधित विभाग अपने स्तर पर आवश्यक प्रस्तावों और योजनाओं पर कार्य करते हैं तथा सरकार के स्तर पर अंतिम निर्णय लिया जाता है.

इसे भी पढ़ें : असम में शहीद वायुसेना अधिकारी शुभम कुमार के मुआवजे पर पिता ने उठाया सवाल, बोले- माता-पिता के अधिकारों की भी हो रक्षा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Nikhil Anurag

मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर पलायन कर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट ( माखनलाल पत्रकारिता विश्वविद्यालय). नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है. नोएडा में टीवी न्यूज में काम करने के बाद हिंदुस्तान ग्रूप होते हुए बिहार, झारखंड की सबसे पसंदीदा अखबार प्रभात खबर में कार्यरत. हां एक बात और... पढ़ने-लिखने की जिज्ञासा कभी खत्म नहीं होगी. साहित्य में बेहद दिलचस्पी.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >