Patna New Market का होगा कायाकल्प: 123 करोड़ की लागत से तैयार होगा Business Hub; बेसमेंट में पार्किंग व 3 मंजिलों पर होगा वर्ल्ड क्लास बाजार, DPR तैयार

पटना नगर निगम ने न्यू मार्केट (Patna New Market) को अंतरराष्ट्रीय स्वरूप देने के लिए 123.12 करोड़ रुपये का मास्टर प्लान तैयार किया है. इसके तहत मंदिर-मस्जिद व न्यू मार्केट क्षेत्र की निगम की जमीन पर तीन मंजिला तीन आधुनिक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बनेंगे. प्रोजेक्ट में बेसमेंट पार्किंग, व्यवस्थित रिटेल शॉप्स और फूड कोर्ट की सुविधा होगी, जिससे सड़कों से अतिक्रमण हटेगा.

पटना जंक्शन के पास स्थित न्यू मार्केट व बकरी बाजार इलाके की बेतरतीब तस्वीर अब बीते दिनों की बात होने वाली है. पटना नगर निगम ने इस पूरे व्यापारिक क्षेत्र को आधुनिक स्वरूप देने के लिए मास्टर प्लान तैयार किया है. नगर निगम बोर्ड से हरी झंडी मिलने के बाद अब न्यू मार्केट एरिया में तीन भव्य शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के निर्माण की तैयारी है. इसके लिए जगह चिन्हित कर लिए गये हैं. साथ ही, डीपीआर भी तैयार कर लिया गया है.

लगभग 123.12 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य पटना जंक्शन पर बाहर से आने वाले यात्रियों को शहर का एक बेहतर और व्यवस्थित स्वरूप दिखाना है. वर्तमान में यहां दुकानें बेतरतीब ढंग से सजती हैं, जिन्हें निर्माण पूरा होने के बाद इन नए कॉम्प्लेक्स में शिफ्ट कर दिया जाएगा.

Also Read: राजधानी की सड़कों पर घूमेगा 19 Nagar Netra; अब कचरा फेंका या किया अतिक्रमण, तो AI तकनीक से जेनरेट होगा चालान

तीन हिस्सों में बंटा है पूरा प्रोजेक्ट

डीपीआर के तहत नगर निगम अपनी ही जमीन पर तीन अलग-अलग कॉम्प्लेक्स बनाएगा. पहला कॉम्प्लेक्स मंदिर और मस्जिद के बीच की 4232 वर्ग मीटर जमीन पर बनेगा, जिसकी लागत 43.76 करोड़ रुपये तय की गई है. दूसरा कॉम्प्लेक्स मस्जिद के पास वाली 2698 वर्ग मीटर जमीन पर 28.60 करोड़ की लागत से तैयार होगा. वहीं, तीसरा और सबसे विशाल कॉम्प्लेक्स न्यू मार्केट के मुख्य हिस्से की 5882 वर्ग मीटर जमीन पर बनेगा, जिस पर 50.76 करोड़ रुपये खर्च होंगे. ये तीनों इमारतें बेसमेंट के साथ तीन मंजिला होंगी.

पार्किंग की समस्या होगी खत्म व छत के नीचे मिलेगा फूड कोर्ट

न्यू मार्केट (Patna New Market) एरिया को विकसित करने के साथ पार्किंग को ध्यान में रखा गया है. क्योंकि, इस क्षेत्र में सबसे बड़ी समस्या पार्किंग की रहती है, जिसे देखते हुए सभी कॉम्प्लेक्स के बेसमेंट में वाहनों की पार्किंग व फायर सेफ्टी की व्यवस्था होगी. ग्राउंड फ्लोर को पूरी तरह से वर्तमान दुकानदारों व वेंडर्स के लिए आरक्षित होगा. वहीं, पहली मंजिल पर व्यवस्थित रिटेल दुकानें होंगी, जबकि दूसरी मंजिल पर शॉपिंग के साथ-साथ फूड कोर्ट और अन्य कमर्शियल गतिविधियों के लिए जगह दी जाएगी.

बाहर से आने वाले सैलानियों पर पड़ेगा अच्छा प्रभाव

निगम के अधिकारियों ने बताया कि जमीन पटना नगर निगम की अपनी है. इसलिए, काम शुरु होेने में कोई दिक्कत नहीं होगा. डीपीआर तैयार कर लिए गये हैं. कॉम्प्लेक्स के बनने से सड़कों से अतिक्रमण हटेगा. साथ ही, स्टेशन से बाहर निकलते ही लोगों को एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का बाजार देखने को मिलेगा. इससे स्थानीय व्यापार में भी बढ़ोतरी होगी और ग्राहकों को भी धूप-बारिश से बचकर एक ही छत के नीचे खरीदारी और खाने-पीने की बेहतरीन सुविधा मिल सकेगी.

Also Read: Mandiri Nala के ऊपर बनी 1289 मीटर लंबी सड़क तैयार, ड्रेनेज व लाइटिंग सुविधा के साथ 11 मई को उद्घाटन

यहां होंगे तीनों शॉपिंग कॉम्प्लेक्स
पहला: मंदिर और मस्जिद के बीच का मार्केट एरिया
दूसरा: मस्जिद के पास का मार्केट एरिया
तीसरा: न्यू मार्केट एरिया

तीनों कॉम्प्लेक्स का फ्लोर प्लान
बेसमेंट: वाहन पार्किंग की व्यवस्था, फायर सेफ्टी, इलेक्ट्रिकल व प्लंबिंग सिस्टम, मैकेनिकल वेंटिलेशन, आदि.
ग्राउंड फ्लोर: वेंडरों व दुकानदारों के लिए व एंकर रिटेल यूनिट्स
फर्स्ट फ्लोर: ऑर्गनाइज्ड रिटेल शॉप्स  
सेकेंड फ्लोर: रिटेल, फूड एंड सर्विस आधारित व्यावसायिक गतिविधियां

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By हिमांशु देव

सितंबर 2023 से पटना में प्रभात खबर से जुड़कर प्रिंट और डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. कला, साहित्य-संस्कृति, नगर निगम और स्मार्ट सिटी से जुड़ी खबरों पर प्रमुखता से काम किया है. महिला, युवा और जनहित से जुड़े मुद्दों को उठाना प्राथमिकता में शामिल है. व्यक्तिगत तौर पर किताबें पढ़ना और नई जगहों को एक्सप्लोर करना अच्छा लगता है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >