Patna Crime News : पटना जिले के दीघा थाना क्षेत्र के पॉलसन इलाके में मकान निर्माण के दौरान टंकी का पानी नाले में बहाने को लेकर हुए विवाद में नंद किशोर राय की पीट-पीटकर हत्या के मामले में पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपित की पहचान दीघा के नकटा दियारा निवासी अजय राय के रूप में हुई है.
पानी बहाने को लेकर हुआ था विवाद
बताया जाता है कि मकान निर्माण के दौरान टंकी का पानी नाले में बहाने को लेकर नंद किशोर राय और आरोपित पक्ष के बीच विवाद हुआ था. इसी दौरान नंद किशोर राय के साथ मारपीट की गई, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे. उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सात जून को उनकी मौत हो गई.
मौत के बाद सड़क पर उतरे थे परिजन
नंद किशोर राय की मौत की सूचना मिलने के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया था. आरोपित की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया और सड़क जाम कर दिया था. बाद में पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया था.
पत्नी के बयान पर दर्ज हुआ था केस
नंद किशोर राय पेशे से चालक थे. घटना के संबंध में उनकी पत्नी संतोषी देवी के बयान पर दीघा थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया था. पुलिस ने मामले की जांच के बाद अजय राय को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है.
