PMC News: पटना नगर निगम क्षेत्र में वेंडरों को अब सड़क किनारे दुकानें सजाने की मजबूरी से निजात मिलने वाली है.कदमकुआं वेंडिंग जोन की तरह निगम शहर के अलग-अलग इलाकों में 31 वेंडिंग जोन (Vending Zone) बनाने की तैयारी में हैं. हालांकि, वर्तमान में 19 के लिए जगह चिन्हित कर ली गयी है. इसपर करीब 124.4 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. इन वेंडिंग जोन के बनने से शहर के करीब 4400 पंजीकृत दुकानदारों को बेहद कम कीमत पर सुरक्षित जगह मिल जाएगी, जिससे उन्हें मौसम की मार व बार-बार हटने की परेशानी से मुक्ति मिलेगी.
19 वेंडिंग जोन के लिए कुल 760.81 डिसमिल जमीन चिन्हित की गई है. इसमें 9 जगहों पर नगर निगम की अपनी जमीन है, जबकि बाकी 10 जगहों के लिए पथ निर्माण, सिंचाई व भवन निर्माण विभाग से उनके जमीन पर बनाने के लिए एनोसी के लिए पत्र लिखा गया था. विभाग की ओर से इन वेंडिंग जोन पर स्वीकृति मिल गयी है. हर वेंडिंग जोन में 200 से 235 दुकानदारों को रखने की क्षमता होगी. भविष्य में कुल 31 वेंडिंग जोन बनने पर 72 सौ वेंडरों को जगह मिल सकेगी.
नूतन राजधानी व पाटलिपुत्र अंचल में बनेंगे 12 वेंडिंग जोन
नूतन राजधानी अंचल में सबसे ज्यादा 8 वेंडिंग जोन बनाने का प्रस्ताव है, जिस पर 61.69 करोड़ रुपये खर्च होंगे. इसके तहत शेखपुरा रैन बसेरा, अमला टोला, पंच मंदिर, इको पार्क डीपीएस के पास, चित्रगुप्त समाज मंदिर, साकेत नगर, बेउरमोड़ व स्टेशन रोड मल्टीलेवल पार्किंग के पीछे जी प्लस वन वेंडिंग जोन बनेंगे. वहीं, पाटलिपुत्र अंचल में 24.29 करोड़ की लागत से 4 वेंडिंग जोन प्रस्तावित हैं. इनमें मछली मार्केट के पास आरसीडी की जमीन, वार्ड 20 में सब्जी मार्केट के पास, वार्ड 8 में बीएमएसआइसीएल के सामने और वार्ड 24 में दीघा पोस्ट के सूर्य मंदिर के पास आधुनिक जी प्लस वन परिसर तैयार किए जाएंगे.
ये भी पढ़ें: पटना नगर निगम पर 350 करोड़ का कर्ज, पार्षद बोले- शहर में ना Street Light जल रही, ना हर दिन कचरा उठ रहा
मुसल्लहपुर हाट, महात्मा गांधी सेतु के नीचे अन्य जगह बनेंगे
बांकीपुर अंचल में निगम अपनी जमीन पर 18.82 करोड़ से 3 वेंडिंग जोन बनाएगा. इसमें मैकडोवेल गोलंबर और खेतान मार्केट के सामने बिरला मंदिर रोड में जी प्लस वन, जबकि वार्ड 50 में मुसल्लहपुर हाट के पास जी प्लस टू भवन बनेगा.अजीमाबाद अंचल में 15.54 करोड़ से 3 जोन बनेंगे, जो महात्मा गांधी सेतु के नीचे, गाय घाट और मीना बाजार में जी प्लस टू प्रस्तावित हैं. पटना सिटी अंचल में 4.11 करोड़ की लागत से सती चौराहा गुरु गोविंद सिंह लिंक पथ पर निगम की जमीन पर एक शानदार जी प्लस वन वेंडिंग जोन का निर्माण किया जाएगा.
Municipal Bond की फंड से तैयार होंगे वेंडिंग जोन
वेंडिंग जोन बनाने में म्यूनिशिपल बॉन्ड (Municipal Bond) का पैसा खर्च किया जायेगा. दरअसल, पटना नगर निगम 200 करोड़ रुपये का म्यूनिशिपल बॉन्ड जारी करने जा रहा है. इसके लिए बाजार नियामक सेबी से हरी झंडी मिल चुकी है और निगम जल्द ही इसका फाइनल प्रस्ताव मंजूरी के लिए भेजने वाला है. बॉन्ड से मिलने वाली राशि को मुख्य रूप से उन योजनाओं में निवेश किया जाएगा जहां से निगम को स्थायी राजस्व मिल सके, और वेंडिंग जोन इसका सबसे बड़ा जरिया बनेंगे.
दस साल से जारी नहीं हुआ है निगम से Vendor Card
पटना नगर निगम (Patna Municipal Corporation) के मौजूदा रिकॉर्ड के मुताबिक शहर में कुल 20 हजार 862 फुटपाथी दुकानदार पंजीकृत हैं. इन रजिस्टर्ड वेंडरों में सब्जी, फल, जूस, सैलून, दूध, मोबाइल और स्टेशनरी जैसी दुकानें चलाने वाले लोग शामिल हैं, जो फिलहाल सड़कों और फुटपाथों पर बैठते हैं. इस योजना से इन दुकानदारों को एक स्थायी और साफ-सुथरा ठिकाना मिलेगा. हालांकि, एक बड़ी चुनौती यह भी है कि पिछले करीब 10 वर्षों से शहर के वेंडर कार्ड जारी नहीं किया गया है.
नगर आयुक्त ने क्या कहा?
शहर को जाम से मुक्ति दिलाने व फुटपाथी दुकानदारों को आजीविका देने के लिए 19 वेंडिंग जोन को मंजूरी दी गई है. बाकी, 12 वेंडिंग जोन के लिए विभाग को पत्र लिखा गया है.म्यूनिशिपल बॉन्ड जारी होने के बाद वेंडिंग जोन का निर्माण शुरु होगा. बॉन्ड जारी करने में करीब दो माह लगेेंगे.
– यशपाल मीणा, नगर आयुक्त, पटना नगर निगम
अंचलवार जोन व बजट का आवंटन
नूतन राजधानी: 8 जोन (लागत 61.69 करोड़ रुपये)
पाटलिपुत्र: 4 जोन (लागत 24.29 करोड़ रुपये)
बांकीपुर: 3 जोन (लागत 18.82 करोड़ रुपये)
अजीमाबाद: 3 जोन (लागत 15.54 करोड़ रुपये)
पटना सिटी: 1 जोन (लागत 4.11 करोड़ रुपये)
Also Read: एक क्लिक में पार्क, शौचालय और अफसरों के नंबर, ऐप बना रहा नगर निगम, सर्वर के लिए भेजा प्रस्ताव
