पटना के मोकामा घाट और औंटा में गंगा के रौद्र रूप से बढ़ा खतरा, 10 फीट जमीन नदी में समाई

Patna Ganga News: पटना के मोकामा के मोकामा घाट और औंटा इलाकों में गंगा अपने उफान पर है. करीब 10 फीट जमीन नदी में समा चुकी है, जिससे स्थानीय लोगों में भय का माहौल है. सीआरपीएफ रेंज और उपचार केंद्र जैसे महत्वपूर्ण स्थानों पर भी खतरा मंडरा रहा है.

Patna Ganga News: पटना जिले के मोकामा प्रखंड के मोकामा घाट और औंटा इलाके में गंगा का रौद्र रूप देखने को मिल रहा है. रविवार सुबह से दोपहर तक गंगा ने करीब 10 फीट जमीन को अपने आगोश में ले लिया. पिछले एक सप्ताह से लगातार हो रहे कटाव के कारण स्थानीय लोगों में डर का माहौल है.

स्थानीय लोगों के अनुसार अब तक करीब 15 से 20 फीट तक जमीन कट चुकी है और आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है.

सीआरपीएफ रेंज और उपचार केंद्र पर खतरा

मोकामा घाट स्थित सीआरपीएफ के फायरिंग रेंज और औंटा में नवनिर्मित प्राथमिक उपचार केंद्र भवन से गंगा की दूरी अब घटकर करीब 50 मीटर रह गई है.

यदि कटाव की यही रफ्तार जारी रही तो अगले एक सप्ताह में इन महत्वपूर्ण स्थानों के अस्तित्व पर खतरा मंडरा सकता है.

अधिकारियों ने किया कटाव प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण

कटाव की सूचना मिलने के बाद जल संसाधन विभाग और बिहार बाढ़ नियंत्रण समिति के अधिकारी मौके पर पहुंचे. रविवार को बिहार बाढ़ नियंत्रण समिति के अध्यक्ष, जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता और सहायक अभियंता समेत कई अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया.

अधिकारियों ने तत्काल गंगा किनारे स्लोप तैयार कर सैंड बैग लगाने का निर्देश दिया, ताकि कटाव को नियंत्रित किया जा सके.

ट्रेजर मशीन से बदली गई गंगा की धारा

रविवार शाम गंगा में ट्रेजर मशीन चलती दिखाई दी. इसके माध्यम से गंगा की मुख्य धारा को किनारे से हटाकर बीच की ओर मोड़ने का प्रयास किया गया, जिससे फिलहाल किनारे पर पानी का दबाव कम हुआ है.

हालांकि अधिकारियों और स्थानीय लोगों का कहना है कि यह स्थायी समाधान नहीं है. गंगा की धारा कभी भी दोबारा किनारे की ओर आ सकती है और कटाव का खतरा बना हुआ है.

ग्रामीणों में दहशत, प्रशासन की निगरानी जारी

लगातार हो रहे कटाव से मोकामा घाट और औंटा क्षेत्र के लोग चिंतित हैं. ग्रामीणों की नजर अब प्रशासन की कार्रवाई और गंगा के जलस्तर पर बनी हुई है.

फिलहाल जल संसाधन विभाग की टीम स्थिति पर लगातार निगरानी रख रही है और कटाव रोकने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं.

ALSO READ: बिहार में शुरू हुई हेली टूरिज्म सेवा: इतने कम किराए में करें वाल्मीकिनगर की हवाई सैर


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

करुणा तिवारी पत्रकारिता में अपने करियर की शुरुआत Doordarshan Bihar के साथ की. 8 वर्षों तक टीवी और डिजिटल माध्यम में सक्रिय रहने के बाद, वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल, बिहार टीम के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. उन्हें बिहार की राजनीति, ग्राउंड रिपोर्टिंग और सामाजिक मुद्दों में विशेष रुचि है.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >