पटना के मिलर स्कूल मैदान में मंगलवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. स्थानीय लोगों ने शव देखकर तुरंत कोतवाली थाना पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.
दिव्यांग होने की आशंका, पहचान में जुटी पुलिस
प्राथमिक जांच में पुलिस ने आशंका जताई है कि मृतक एक दिव्यांग व्यक्ति था. हालांकि उसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है.
नशीले पदार्थ के सेवन की आशंका
पुलिस के अनुसार मृतक के मुंह से सफेद झाग निकलता हुआ पाया गया है. ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि उसने किसी नशीले पदार्थ का सेवन किया हो. हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
कोतवाली थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और मृतक की पहचान के साथ-साथ मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है.
