Patna Metro Update: पटना में मेट्रो का काम अब और तेज होने जा रहा है. राहत की बात यह है कि इसके लिए बेली रोड पर गाड़ियों का रास्ता नहीं बदला जाएगा. ट्रैफिक पुलिस ने जाम से बचने के लिए एक खास प्लान बनाया है. इसके तहत सड़क के आधे हिस्से पर ही दोनों तरफ की गाड़ियां आ-जा सकेंगी.
टेम्पररी डिवाइडर से बनेगी दो लेन की सड़क
मेट्रो निर्माण के दौरान आम लोगों को आने-जाने में कोई दिक्कत न हो, इसके लिए करीब 30 मीटर चौड़ी सड़क को आधा यानी 15 मीटर कर दिया जाएगा. सड़क के बीच में एक टेम्पररी डिवाइडर बनाया जाएगा जिससे दोनों तरफ की गाड़ियां अपनी-अपनी लेन में चल सकेंगी. जब नेहरू पथ के उत्तर की तरफ काम चलेगा, तो गाड़ियां दक्षिण वाले हिस्से से गुजरेंगी. इसी तरह जब दक्षिण में काम होगा, तो उत्तरी हिस्से का इस्तेमाल किया जाएगा.
भूमिगत काम में लगेंगे 2 साल, हटेंगे अतिक्रमण
ट्रैफिक एसपी सागर कुमार ने बताया कि इस पूरे रूट पर ट्रैफिक को सुचारू रखने का फाइनल प्लान तैयार हो चुका है. इसे अब नगर विकास विभाग को मंजूरी के लिए भेजा जा रहा है. अधिकारियों के मुताबिक, इस इलाके में जमीन के नीचे मेट्रो स्टेशन और टनल बनाने के काम में कम से कम 2 साल का समय लगेगा. इस दौरान जू गेट नंबर 1 से लेकर आयकर गोलंबर के बीच से सभी अवैध कब्जे भी हटाए जाएंगे.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
इन 3 जगहों पर बनेंगे मेट्रो स्टेशन
पहले टनल बनाने वाली भारी मशीनों को लाने के लिए पूरे रूट को डायवर्ट करने की तैयारी थी, लेकिन भारी ट्रैफिक को देखते हुए यह आइडिया छोड़ दिया गया. अब केवल अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिसकर्मियों (मानव बल) के भरोसे जाम को संभाला जाएगा. इस पूरे प्रोजेक्ट के तहत जू, विकास भवन और इनकम टैक्स गोलंबर पर मेट्रो स्टेशनों का निर्माण कार्य जल्द शुरू होने वाला है.
इसे भी पढ़ें: बिहार के इन जिलों में 13 जुलाई तक भारी बारिश और बिजली का डबल अलर्ट, IMD ने जारी की एडवाइजरी
