Bihar Job Fair Gyan Bhawan Patna : बिहार के युवाओं के लिए पटना में नौकरी का बड़ा मौका लेकर आया मेगा जॉब फेयर बुधवार से शुरू हो गया है. ज्ञान भवन में युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग की ओर से लगाए गए पांच दिवसीय रोजगार मेले में पहले ही दिन युवाओं की भारी भीड़ पहुंची. करीब 4500 अभ्यर्थियों ने अलग-अलग कंपनियों में नौकरी के लिए हिस्सा लिया, जिनमें से 2972 अभ्यर्थियों का चयन किया गया. विभाग ने इस मेले के जरिए पांच दिनों में 20 हजार बेरोजगार युवाओं को रोजगार दिलाने का लक्ष्य तय किया है.
ज्ञान भवन में जुटे नौकरी की तलाश में युवा
मेगा जॉब फेयर का उद्घाटन विभागीय मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने किया. 23 अगस्त तक चलने वाले इस रोजगार मेले में युवाओं को कई क्षेत्रों में नौकरी के अवसर मिल रहे हैं. विभागीय सचिव कौशल किशोर ने बताया कि युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए साल में छह बार इस तरह के रोजगार मेले आयोजित किए जाएंगे. इसका उद्देश्य युवाओं को एक ही जगह पर कंपनियों से सीधे जुड़ने और अपनी योग्यता के आधार पर नौकरी पाने का अवसर देना है.
100 से ज्यादा कंपनियां, 20 हजार से अधिक नौकरियों के अवसर
इस बार रोजगार मेले में 100 से अधिक कंपनियां हिस्सा ले रही हैं. बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विसेज, इंश्योरेंस और रिटेल सेक्टर पर खास फोकस रखा गया है. कंपनियों की ओर से बिहार के युवाओं के लिए 20 हजार से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं. मेगा जॉब कैंप में टाटा ट्रेंट, क्रोमा, वी-मार्ट, डी-मार्ट, सैमसंग, फ्लिपकार्ट और बिगकिट जैसी कंपनियां भी शामिल हैं.
ऑनलाइन जॉब फेयर पर चल रहा विचार
विभागीय सचिव डॉ. कौशल किशोर ने कहा कि युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने के लिए डीईटी पोर्टल तैयार किया गया है. नवंबर से अब तक इस पर 1.20 लाख से अधिक युवाओं ने पंजीकरण कराया है. विभाग ऑन-स्पॉट जॉब फेयर के साथ ऑनलाइन जॉब फेयर आयोजित करने पर भी विचार कर रहा है.
इंडिया स्किल प्रतियोगिता के विजेताए हुए शामिल
कार्यक्रम में इंडिया स्किल प्रतियोगिता के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया. मौके पर विशेष सचिव नवदीप शुक्ला समेत विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे.
मंत्री बोले, बिहार के युवाओं में प्रतिभा की कमी नहीं
उद्घाटन कार्यक्रम में मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने कहा कि बिहार के युवा प्रतिभाशाली और मेहनती हैं. जरूरत सिर्फ उन्हें सही अवसर और दिशा देने की है. उन्होंने कहा कि मौका मिलने पर बिहार के युवा देश ही नहीं, बल्कि विश्व स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकते हैं.
'दोगुना रोजगार, दोगुनी आय' का लक्ष्य
मंत्री ने रोजगार मेले में पहुंचे युवाओं से आत्मविश्वास के साथ इंटरव्यू देने और अपनी योग्यता का प्रदर्शन करने की अपील की. उन्होंने कहा कि सरकार कौशल विकास और प्रशिक्षण के साथ रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने पर लगातार काम कर रही है. मंत्री ने 'दोगुना रोजगार, दोगुनी आय' के लक्ष्य को सफल बनाने का आह्वान भी किया.
