समस्तीपुर के दलसिंहसराय से कुणाल गुप्ता की रिपोर्ट
Patna Kidnapping Case: डॉक्टर के अपहरण और 70 लाख फिरौती मामले में पटना पुलिस को एक और सफलता मिली है. पुलिस ने समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई स्थानीय पुलिस के सहयोग से की गई.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के मधेपुर निवासी लाल बाबू सिंह के पुत्र पंकज कुमार के रूप में हुई है. पुलिस उसे आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की तैयारी कर रही है.
फरवरी 2026 में दर्ज हुआ था मामला
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामला पटना के जानीपुर थाना क्षेत्र का है. फरवरी 2026 में डॉ. शर्वेश तिवारी की पत्नी वंदना तिवारी ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोप लगाया था कि आर्यभट्ट इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल के संचालक डॉ. शर्वेश तिवारी का संस्थान से लौटने के दौरान अपहरण कर लिया गया था.
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया था कि अपहृत के मोबाइल नंबर से व्हाट्सएप वीडियो कॉल कर 70 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई थी.
24 घंटे के भीतर डॉक्टर को किया गया था बरामद
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए डॉ. शर्वेश तिवारी को 24 घंटे के भीतर समस्तीपुर जिले के वारिसनगर थाना क्षेत्र के मकसूदपुर गांव से सकुशल बरामद कर लिया था. पुलिस ने जांच के दौरान इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था.
गुप्त सूचना के आधार पर हुई गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, हाल ही में मिली गुप्त सूचना के आधार पर दलसिंहसराय में छापेमारी की गई. इस दौरान पंकज कुमार को गिरफ्तार किया गया. मामले में उसकी कथित भूमिका को लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
Patna Kidnapping Case: घटनाक्रम एक नजर में
- 10 फरवरी 2026: डॉ. सर्वेश कुमार तिवारी का पटना के जानीपुर इलाके से अपहरण.
- अपहरण के बाद: परिजनों को व्हाट्सएप वीडियो कॉल कर 70 लाख रुपये की फिरौती की मांग.
- शिकायत दर्ज: परिजनों ने जानीपुर थाने में मामला दर्ज कराया.
- 24 घंटे के भीतर: पुलिस ने समस्तीपुर के वारिसनगर थाना क्षेत्र के मकसूदपुर गांव से डॉक्टर को सकुशल बरामद किया.
- छापेमारी के दौरान: रविंद्र प्रसाद, राकेश कुमार और मनीष कुमार गिरफ्तार.
- बाद की कार्रवाई: मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी रही.
- ताजा अपडेट: दलसिंहसराय से पंकज कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के लिए भेजा गया.
