पटना जंक्शन में मोबाइल चोरी कर साइबर ठगों ने खाते से उड़ाए लाखो रुपये

Patna News: पटना जंक्शन इलाके में मोबाइल गुम होने के बाद एक व्यक्ति के बैंक खाते से 4.50 लाख रुपये निकाल लिए गए. पीड़ित ने जीआरपी और साइबर थाने में मामला दर्ज कराया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

Patna News: (नितिश सिंह की रिपोर्ट)
करबिगहिया निवासी धीरज कुमार का मोबाइल फोन पटना जंक्शन इलाके से गायब हो गया. धीरज किसी काम से पटना जंक्शन गए थे. इसी दौरान बदमाशों ने उनकी जेब से मोबाइल फोन चोरी कर लिया. मोबाइल गायब होने के बाद उन्होंने पटना जंक्शन जीआरपी में शिकायत दर्ज कराई.

नया सिम लेते ही मिला निकासी का मैसेज

मोबाइल गुम होने के बाद धीरज ने नया मोबाइल और सिम कार्ड लिया. इसके बाद उनके मोबाइल पर बैंक खाते से पैसे निकासी का मैसेज आया. मैसेज देखने के बाद वह तुरंत बैंक पहुंचे और खाते की जांच कराई. जांच में पता चला कि उनके खाते से 4.50 लाख रुपये निकाल लिए गए हैं.

साइबर थाने में दर्ज कराया मामला

घटना की जानकारी मिलने के बाद धीरज ने साइबर थाने में भी शिकायत दर्ज कराई. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अपराधियों ने मोबाइल के जरिए बैंक खाते तक पहुंच कैसे बनाई और रकम की निकासी कैसे की.

पटना जंक्शन के आसपास सक्रिय हैं ऐसे गिरोह

जानकारी के अनुसार पटना जंक्शन और उसके आसपास ऐसे गिरोह सक्रिय हैं, जो लोगों के मोबाइल फोन चोरी या गायब कर देते हैं. इसके बाद मोबाइल में मौजूद जानकारी का इस्तेमाल कर बैंक खातों से पैसे निकाल लेते हैं.

पहले भी पकड़ा जा चुका है गिरोह

पटना पुलिस ने पहले ऐसे ही एक गिरोह के नौ सदस्यों को राजा बाजार स्थित एक रेस्ट हाउस से गिरफ्तार किया था. हालांकि बाद में गिरोह के सभी सदस्य जमानत पर बाहर आ गए. आशंका जताई जा रही है कि मोबाइल चोरी और बैंक खातों से निकासी की हालिया घटनाओं के पीछे इसी तरह का कोई गिरोह सक्रिय हो सकता है.

लोगों को सतर्क रहने की जरूरत

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने या चोरी होने की स्थिति में तुरंत सिम ब्लॉक कराएं, बैंक खातों की सुरक्षा सुनिश्चित करें और साइबर हेल्पलाइन या पुलिस को तत्काल सूचना दें.

ALSO READ: दक्षता परीक्षा पास शिक्षकों के लिए बड़ी खुशखबरी, वेतन शुरू करने की प्रक्रिया तेज, डीपीओ का आदेश जारी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Karuna Tiwari

करुणा तिवारी पत्रकारिता में अपने करियर की शुरुआत Doordarshan Bihar के साथ की. 8 वर्षों तक टीवी और डिजिटल माध्यम में सक्रिय रहने के बाद, वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल, बिहार टीम के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. उन्हें बिहार की राजनीति, ग्राउंड रिपोर्टिंग और सामाजिक मुद्दों में विशेष रुचि है. अपने काम के प्रति समर्पित करुणा हर दिन कुछ नया सीखने और बेहतर करने की कोशिश करती हैं.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >