पटना में शुरू हुई हेलीकॉप्टर जॉय राइड, 1200 फीट की ऊंचाई से देखें शहर का शानदार नजारा, जानें कैसे करें बुकिंग

Bihar Heli Tourism: अब आप पटना को 1200 फीट की ऊंचाई से देख सकते हैं. बिहार सरकार ने हेली टूरिज्म सेवा शुरू कर दी है. 2100 रुपये में 10 मिनट की हवाई सैर के दौरान पर्यटक शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों का आसमान से नजारा देख सकेंगे.

Bihar Heli Tourism: पटना के लोग अब 1200 फीट की ऊंचाई से शहर का शानदार नजारा देख सकेंगे. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को 'मुख्यमंत्री बिहार हेली-टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना-2026' की शुरुआत की. इस योजना के तहत लोग अब हेलीकॉप्टर से पटना और बिहार के प्रमुख पर्यटन स्थलों का हवाई सफर कर सकेंगे.

पहले दिन दिखा लोगों में उत्साह

योजना शुरू होते ही लोगों का अच्छा रिस्पॉन्स देखने को मिला. अब तक करीब 80 लोगों ने एयर राइड के लिए बुकिंग कराई है. हालांकि पहले दिन केवल 20 पर्यटक ही जॉय राइड का हिस्सा बने. पहली उड़ान दोपहर 3:40 बजे छह यात्रियों के साथ रवाना हुई.

मुख्यमंत्री ने खुद पर्यटकों को टिकट सौंपे और हेलीकॉप्टर के पायलट को बैज पहनाकर रवाना किया.

उत्साहित नजर आए पर्यटक

2100 रुपये में 10 मिनट की हवाई सैर

पटना जॉय राइड के लिए प्रति व्यक्ति 2100 रुपये किराया तय किया गया है. यह यात्रा करीब 10 मिनट की होगी. इस दौरान पर्यटक करीब 1200 फीट की ऊंचाई से शहर का खूबसूरत नजारा देख सकेंगे. हवाई सफर के दौरान गंगा नदी, जेपी गंगा पथ, तख्त श्री हरिमंदिर साहिब और पटना के कई प्रमुख स्थान ऊपर से दिखाई देंगे.

हर 30 मिनट पर मिलेगी राइड

पर्यटन विभाग के अनुसार, हर 30 मिनट के अंतराल पर हेलीकॉप्टर उड़ान भरेगा. एक दिन में चार जॉय राइड संचालित की जाएंगी. फिलहाल यह सुविधा हर शनिवार और रविवार को उपलब्ध रहेगी.

राजगीर, कैमूर और वाल्मीकिनगर भी जा सकेंगे

इस योजना के तहत पटना से तीन बड़े पर्यटन स्थलों को भी जोड़ा गया है. इनमें शामिल हैं

  • राजगीर
  • वाल्मीकिनगर
  • कैमूर स्थित मां मुंडेश्वरी मंदिर

इन स्थानों के लिए हेलीकॉप्टर और छोटे विमान की सुविधा उपलब्ध कराई गई है.

अलग-अलग रूट का किराया

पर्यटन विभाग ने अलग-अलग गंतव्यों के लिए किराया भी तय किया है.

  • पटना जॉय राइड- 2100 रुपये प्रति व्यक्ति
  • राजगीर- 4000 रुपये प्रति व्यक्ति
  • वाल्मीकिनगर- 5000 रुपये प्रति व्यक्ति (एक तरफ)
  • कैमूर (मां मुंडेश्वरी)- 6000 रुपये प्रति व्यक्ति

कब मिलेगी यह सुविधा?

हेली टूरिज्म सेवा फिलहाल सिर्फ शनिवार और रविवार को उपलब्ध रहेगी.

  • पटना-वाल्मीकिनगर के लिए हर दिन दो उड़ानें होंगी.
  • पटना-राजगीर के लिए सुबह हेलीकॉप्टर सेवा चलेगी.
  • पटना-कैमूर के लिए भी निर्धारित समय पर उड़ान उपलब्ध रहेगी.

हर फेरी में सीमित सीटें रहेंगी. इसलिए पहले से बुकिंग कराना जरूरी होगा.

बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें

मुफ्त मिलेगी टूरिस्ट गाइड की सुविधा

पर्यटकों को हवाई यात्रा के साथ फ्री टूरिस्ट गाइड की सुविधा भी मिलेगी. हालांकि होटल, भोजन और स्थानीय यात्रा का खर्च पर्यटकों को खुद उठाना होगा. टिकट की बुकिंग बिहार पर्यटन और बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम के ऑनलाइन पोर्टल के जरिए की जा सकेगी.

योजना का क्या है उद्देश्य?

सरकार का कहना है कि इस योजना का मकसद बिहार में धार्मिक और विरासत पर्यटन को बढ़ावा देना है. इससे देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करने में मदद मिलेगी.

सरकार का मानना है कि इस पहल से राजगीर, वाल्मीकिनगर और कैमूर जैसे पर्यटन स्थलों पर रोजगार बढ़ेगा. साथ ही बिहार को हेली टूरिज्म और एयर टूरिज्म के नए केंद्र के रूप में पहचान मिलेगी.

Also Read:बेतिया राज की 22,813 एकड़ जमीन होगी सरकारी, बिहार सरकार ने इन छह जिलों के लिए जारी की अधिसूचना


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Abhinandan Pandey

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >