पटना से नितिश सिंह की रिपोर्ट
Patna Fraud Case : बिजनेस में निवेश कर अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर एक सिपाही से 18 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में पुलिस ने दंपती को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपितों की पहचान कदमकुआं थाना क्षेत्र के पूर्वी लोहानीपुर निवासी आशुतोष कुमार सिंह और उनकी पत्नी रितु सिंह के रूप में हुई है.
सिपाही की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला
इस संबंध में पटना जिला बल में तैनात सिपाही प्रभात कुमार चौहान ने 20 जून को कोतवाली थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. प्रभात कुमार चौहान मूल रूप से नालंदा जिले के मानपुर थाना क्षेत्र के हरगांवा गांव के निवासी हैं.
मुनाफा देने का दिया था भरोसा
शिकायत में सिपाही ने आरोप लगाया कि दंपती ने बिजनेस में निवेश करने पर अच्छा मुनाफा देने का भरोसा दिलाकर उनसे 18 लाख रुपये ले लिए. काफी समय बीत जाने के बाद न तो उन्हें किसी प्रकार का लाभ दिया गया और न ही उनकी मूल राशि वापस की गई.
दस्तावेजों के आधार पर हुई जांच
प्रभात कुमार चौहान ने पैसे के लेन-देन से संबंधित दस्तावेज भी पुलिस को उपलब्ध कराए थे. जांच के दौरान पुलिस को आरोप प्रथम दृष्टया सही मिले. इसके बाद कोतवाली थाना कांड संख्या 430/26 दर्ज किया गया.
पूर्वी लोहानीपुर में छापेमारी कर पकड़ा
मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कदमकुआं थाना क्षेत्र के पूर्वी लोहानीपुर स्थित आरोपितों के ठिकाने पर छापेमारी की और पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया. कोतवाली थानाध्यक्ष अजय कुमार ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है.
विभिन्न धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
पुलिस ने आरोपितों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 318(4), 316(2), 338, 336(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है.
इसे भी पढ़ें : पटना के जय प्रकाश का हुआ 70वीं BPSC में चयन, साधारण परिवार से निकल कर प्रतियोगी छात्रों के लिए बनें मिशाल
