पटना में फर्जी डिग्री ले कर बैंक में कर रहा था नौकरी, निलंबित अधिकारी पहुंचा जेल

Patna Fake Degree Case : पटना में फर्जी स्नातक प्रमाण पत्र के आधार पर पाटलिपुत्र सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक में सहायक प्रबंधक की नौकरी पाने वाले उत्तम कुमार को गांधी मैदान थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. विश्वविद्यालय से सत्यापन के दौरान प्रमाण पत्र फर्जी पाया गया, जिसके बाद बैंक ने उन्हें निलंबित कर प्राथमिकी दर्ज कराई थी.

Patna Fake Degree Case : फर्जी प्रमाण पत्र के आधार पर पाटलिपुत्र सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक में सहायक प्रबंधक की नौकरी प्राप्त करने वाले उत्तम कुमार को गांधी मैदान थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. आरोपी उत्तम कुमार नालंदा जिले के सिलाव का निवासी है. प्रमाण पत्र फर्जी पाए जाने के बाद बैंक प्रबंधन ने उसे पहले ही निलंबित कर दिया था.

सत्यापन में फर्जी निकली डिग्री

पाटलिपुत्र सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक लिमिटेड के विकास पदाधिकारी हिमांशु भूषण ने 13 मई 2026 को गांधी मैदान थाने में मामला दर्ज कराया था. दर्ज शिकायत में बताया गया कि उत्तम कुमार ने 25 नवंबर 2019 को सहायक प्रबंधक पद पर योगदान दिया था. नियुक्ति के समय उसने मानव भारती विश्वविद्यालय की स्नातक डिग्री प्रस्तुत की थी. जब बैंक द्वारा संबंधित विश्वविद्यालय से प्रमाण पत्र का सत्यापन कराया गया तो वह फर्जी पाया गया. विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि उत्तम कुमार कभी वहां का छात्र नहीं रहा है.

फर्जीवाड़ा कर हासिल की थी नौकरी

जांच में सामने आया कि आरोपी ने गलत और फर्जी दस्तावेजों के आधार पर बैंक में नौकरी प्राप्त की थी. मामले की पुष्टि होने के बाद बैंक प्रबंधन ने उसे निलंबित कर दिया और कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.

कारगिल चौक से हुई गिरफ्तारी

मामला दर्ज होने के बाद गांधी मैदान थाना पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी. इसी दौरान गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कारगिल चौक इलाके से उत्तम कुमार को गिरफ्तार कर लिया. गांधी मैदान थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार मिश्रा ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के विरुद्ध दर्ज मामले में आवश्यक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है.

इसे भी पढ़ें : असम में शहीद वायुसेना अधिकारी शुभम कुमार के मुआवजे पर पिता ने उठाया सवाल, बोले- माता-पिता के अधिकारों की भी हो रक्षा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Nikhil Anurag

मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर पलायन कर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट ( माखनलाल पत्रकारिता विश्वविद्यालय). नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है. नोएडा में टीवी न्यूज में काम करने के बाद हिंदुस्तान ग्रूप होते हुए बिहार, झारखंड की सबसे पसंदीदा अखबार प्रभात खबर में कार्यरत. हां एक बात और... पढ़ने-लिखने की जिज्ञासा कभी खत्म नहीं होगी. साहित्य में बेहद दिलचस्पी.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >