पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट
दानापुर के सगुना मोड़ के पास रविवार रात तेज रफ्तार हाइवा ने सड़क किनारे खड़ी कार में टक्कर मार दी. हादसे में कार क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन कार सवार बाल-बाल बच गए. घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने हाइवा को जब्त कर लिया.
तेज आवाज सुनकर जुटे लोग, चालक को पकड़ा
कार सवार ने बताया कि वह अपनी कार सगुना मोड़ के पास खड़ी किए हुए थे. इसी दौरान तेज रफ्तार हाइवा ने साइड से टक्कर मार दी. शोर मचाने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और हाइवा को पकड़ लिया.
सड़क किनारे अतिक्रमण से बढ़ रही दुर्घटनाएं
स्थानीय लोगों का कहना है कि सगुना मोड़ पर सड़क के दोनों ओर फुटपाथ दुकानें लगने से रास्ता संकरा हो गया है. इसके कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं. लोगों ने अतिक्रमण हटाने की मांग की है.
पुलिस ने हाइवा को यातायात पुलिस को सौंपा
सगुना मोड़ पुलिस चौकी प्रभारी ने बताया कि हाइवा को जब्त कर यातायात पुलिस के हवाले कर दिया गया है. मामले की जांच की जा रही है.
