पटना से नितिश सिंह की रिपोर्ट
Patna Cyber Fraud: राजधानी में साइबर बदमाश लगातार लोगों को अपनी ठगी का शिकार बना रहे हैं और उनके खातों से गाढ़ी कमाई उड़ा रहे हैं. ताजा मामलों में इन बदमाशों ने अलग-अलग तरीके से चार लोगों के खातों से कुल 4.82 लाख रुपये की अवैध निकासी कर ली है. सभी पीड़ित लोगों ने इस संबंध में पटना के साइबर थाने में मामला दर्ज करा दिया है, जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई है.
गुम हुए मोबाइल से निकाले दो लाख, मीठापुर के युवक से फर्जी सीओ बनकर ठगी
पहली घटना में बदमाशों ने महेंद्रू के रहने वाले मो. तैयब खान के खाते से दो लाख रुपये की निकासी कर ली. तैयब खान का मोबाइल फोन पिछले दिनों कहीं गुम हो गया था, जिसका फायदा उठाकर बदमाशों ने उनके डिजिटल अकाउंट तक पहुंच बनाई और दो लाख रुपये उड़ा दिए.
भरोसा जीतने के लिए भेजा फर्जी आईडी कार्ड
दूसरी घटना में बदमाशों ने बक्सर का अंचलाधिकारी (सीओ) बनकर मीठापुर के निवासी हिमांशु कुमार से 79 हजार रुपये की ठगी की. हिमांशु को राहुल कुमार सिंह नाम के एक व्यक्ति ने फोन किया और खुद को बक्सर का सीओ बताया. भरोसा जीतने के लिए उसने एक फर्जी पहचान पत्र (आईडी कार्ड) भी भेजा. इसके बाद उसने अपनी बुआ को ब्रेन हेमरेज होने की झूठी कहानी सुनाई और इलाज के नाम पर हिमांशु से 79 हजार रुपये ऐंठ लिए.
शेयर मार्केट के नाम पर 1.12 लाख और ‘गलती से ट्रांसफर’ के झांसे में गए 91 हजार
तीसरी घटना आलमगंज के रहने वाले चंदन कुमार के साथ हुई. बदमाशों ने उन्हें शेयर मार्केट में निवेश करने पर लाखों रुपये का मुनाफा कमाने का लालच दिया और 1.12 लाख रुपये की ठगी कर ली. चंदन ने सोशल मीडिया पर शेयर मार्केट से जुड़ा एक विज्ञापन देखा था और उसमें दिए गए नंबर पर संपर्क किया था. इसके बाद बदमाशों ने उन्हें एक टेलीग्राम ग्रुप से जोड़ा और भारी मुनाफे का झांसा देकर निवेश के नाम पर उनके पैसे गबन कर लिए.
खाते से 91 हजार रुपये ट्रांसफर
चौथी घटना में मेंहदीगंज निवासी कमलाकांत शर्मा को बदमाशों ने अपना शिकार बनाया. बदमाशों ने उन्हें फोन कर कहा कि गलती से उनके खाते में 91 हजार रुपये ट्रांसफर हो गए हैं, इसलिए वे इस पैसे को वापस कर दें. कमलाकांत अभी इस बात को समझ ही रहे थे कि इसी बीच शातिरों ने उनके खाते से 91 हजार रुपये की अवैध निकासी कर ली.
