Patna Cyber Crime : मसौढ़ी के विधायक का व्हाट्सएप अकाउंट साइबर अपराधियों ने हैक कर लिया है. हैकर्स उनके नंबर से लोगों को फर्जी मैसेज भेजकर रुपये की मांग कर रहे हैं. मामले की जानकारी मिलते ही विधायक ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर आम लोगों से सतर्क रहने और किसी भी तरह के वित्तीय लेनदेन से बचने की अपील की है.
फर्जी मैसेज भेजकर मांगे जा रहे रुपये
विधायक ने बताया कि उनके व्हाट्सएप नंबर से मसौढ़ी के कई लोगों को फर्जी संदेश भेजे जा रहे हैं, जिनमें रुपये ट्रांसफर करने का अनुरोध किया जा रहा है. उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने किसी भी व्यक्ति से पैसे नहीं मांगे हैं और उनके नाम से भेजे जा रहे सभी संदेश पूरी तरह फर्जी हैं.
लोगों से सतर्क रहने की अपील
विधायक ने लोगों से अपील की है कि उनके नाम से यदि कोई मैसेज, लिंक या यूपीआई भुगतान का अनुरोध आए तो उस पर विश्वास न करें और किसी भी स्थिति में रुपये ट्रांसफर न करें.
पुलिस और साइबर सेल को दी सूचना
विधायक ने बताया कि पूरे मामले की सूचना पुलिस और साइबर सेल को दे दी गई है. मामले की जांच शुरू कर दी गई है और साइबर अपराधियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.
