Patna Crime: (अजीत कुमार की रिपोर्ट) गोपालपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव में दो माह पूर्व हुए सैलून संचालक पिंटू शर्मा हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस जांच में हत्या के पीछे प्रेम संबंध और आपसी रंजिश की कहानी सामने आई है. मामले में मुख्य आरोपी संतोष कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दो बालकों को निरुद्ध किया गया है.
तकनीकी जांच से खुली साजिश की परतें
पुलिस के अनुसार 9 अप्रैल की रात शाहपुर निवासी सैलून संचालक पिंटू शर्मा की गला दबाकर हत्या कर दी गई थी. अगले दिन शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी. मृतक के पिता कृष्णा शर्मा के बयान पर गोपालपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर विशेष जांच शुरू की गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी एसपी पूर्वी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया. जांच के दौरान पुलिस ने मृतक और उसकी पत्नी के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल, बातचीत के रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया.
पत्नी के संपर्क में था आरोपी
जांच के दौरान पुलिस को एक ऐसे मोबाइल नंबर की जानकारी मिली, जिस पर मृतक की पत्नी की लगातार बातचीत होती थी. तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस जहानाबाद जिले के काको थाना क्षेत्र के बीबीपुर गांव निवासी संतोष कुमार तक पहुंची. पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान संतोष कुमार ने पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर दिया. पुलिस के अनुसार संतोष कुमार और मृतक की पत्नी के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था. रिश्ते में संतोष, मृतक के साला का साला बताया जाता है.
पुलिस जांच में सामने आया कि पिंटू शर्मा पत्नी और संतोष कुमार के संबंधों का विरोध करता था. इसी वजह से आरोपी ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची.
दो नाबालिगों के साथ मिलकर की हत्या
पुलिस के मुताबिक संतोष कुमार ने दो नाबालिग साथियों के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई. वारदात की रात पिंटू शर्मा को घर से बाहर बुलाया गया और शाहपुर बाजार की ओर ले जाया गया. वहां तीनों ने मिलकर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी. हत्या के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे. पुलिस ने मुख्य आरोपी की निशानदेही पर घटना से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य और मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं.
पत्नी की भूमिका की भी हो रही जांच
पटना सदर-2 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रंजन कुमार ने बताया कि कॉल डिटेल रिकॉर्ड, तकनीकी साक्ष्य, पूछताछ और अन्य उपलब्ध प्रमाणों के आधार पर पूरे मामले का खुलासा किया गया है. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है, जबकि दोनों नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा. पुलिस मृतक की पत्नी की संभावित भूमिका की भी जांच कर रही है.
ऐसे खुला हत्याकांड का राज
- 9 अप्रैल की रात शाहपुर में पिंटू शर्मा की हत्या हुई थी.
- पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई.
- एसआईटी ने कॉल डिटेल और तकनीकी साक्ष्यों की जांच शुरू की.
- मृतक की पत्नी और एक संदिग्ध नंबर के बीच लगातार बातचीत का पता चला.
- पुलिस जांच संतोष कुमार तक पहुंची.
- पूछताछ में प्रेम संबंध और हत्या की साजिश का खुलासा हुआ.
- मुख्य आरोपी गिरफ्तार हुआ और दो नाबालिगों को निरुद्ध किया गया.
Also Read: पटना में सेटेलाइट टाउनशिप का विरोध: भूमि रजिस्ट्री शुरू करने और टाउनशिप योजना वापस लेने की मांग तेज
