पटना से अजीत कुमार की रिपोर्ट
Patna Crime News : पटना के पूर्वी इलाके में 24 घंटे के भीतर दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में युवकों के शव मिलने से सनसनी फैल गई है. एक दिन पहले गोपालपुर थाना क्षेत्र में एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ था, जिसकी अब तक पहचान नहीं हो सकी है. वहीं गुरुवार को रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र के नई ढेलवा कॉलोनी में एक युवक का शव मिलने से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है.
गोपालपुर में मिला अज्ञात युवक का शव
जानकारी के अनुसार गोपालपुर थाना क्षेत्र से बरामद अज्ञात युवक के हाथ पर “शकील” लिखा हुआ है. पुलिस उसकी पहचान कराने का प्रयास कर रही है, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिली है. शव को 72 घंटे तक सुरक्षित रखा गया है ताकि परिजन या परिचित उसकी पहचान कर सकें.
नई ढेलवा कॉलोनी में मिला हरीश राज का शव
इधर रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र के नई ढेलवा कॉलोनी में गुरुवार को एक युवक का शव बरामद किया गया. मृतक की पहचान हरीश राज के रूप में हुई है. वह पीरबहोर थाना क्षेत्र के पटना कॉलोनी निवासी संतोष सिंह का पुत्र बताया जाता है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा
पटना सदर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डॉ. रंजन कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट या जख्म के निशान नहीं मिले हैं. मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा.
पुलिस कर रही अलग-अलग जांच
लगातार दो दिनों के भीतर सटे हुए इलाकों में दो युवकों के शव मिलने से लोगों में भय और चिंता का माहौल है. पुलिस दोनों मामलों की अलग-अलग जांच कर रही है. गोपालपुर मामले में अज्ञात शव की पहचान कराने का प्रयास जारी है, जबकि रामकृष्ण नगर पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच में जुटी हुई है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही दोनों मामलों के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी.
इसे भी पढ़ें : भरत तिवारी एनकाउंटर मामले की जांच करेंगे पटना HC के रिटायर्ड जस्टिस विनोद कुमार सिन्हा, कैबिनेट ने दी मंजूरी
