बेउर के आनंद कुमार हत्याकांड में बड़ी सफलता, दीघा से नामजद आरोपी गिरफ्तार

Patna Crime News: पटना के बेउर थाना क्षेत्र अंतर्गत पैठानी नथ्थूपुर गांव में हुए चर्चित आनंद कुमार हत्याकांड में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. पुलिस ने मामले के एक नामजद आरोपी उमेश कुमार उर्फ सुटाली राय को दीघा स्थित उसके एक रिश्तेदार के घर से गिरफ्तार कर लिया है.

Patna Crime News: (अजीत कुमार की रिपोर्ट) पटना के बेउर थाना क्षेत्र अंतर्गत पैठानी नथ्थूपुर गांव निवासी आनंद कुमार की दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस को पहली बड़ी सफलता हाथ लगी है. बेउर थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कांड के एक मुख्य नामजद आरोपी उमेश कुमार उर्फ सुटाली राय को गिरफ्तार कर लिया है. शातिर आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद से ही पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था. पुलिस ने उसे दीघा थाना क्षेत्र स्थित उसके एक रिश्तेदार के घर से दबोचा है, जहाँ उसने छिपकर पनाह ले रखी थी.

गुप्त सूचना पर एसडीपीओ के नेतृत्व में हुई त्वरित कार्रवाई

फुलवारी शरीफ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 सुशील कुमार ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस को पुख्ता गुप्त सूचना मिली थी कि आनंद कुमार हत्याकांड का नामजद आरोपी सुटाली राय कानून के शिकंजे से बचने के लिए दीघा इलाके में अपने एक करीबी रिश्तेदार के घर दुबका हुआ है.

सूचना को गंभीरता से लेते हुए बेउर थाना पुलिस के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन कर तत्काल छापेमारी की गई. पुलिस टीम ने ठिकाने की घेराबंदी कर आरोपी उमेश कुमार उर्फ सुटाली राय को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. पुलिस गिरफ्त में आए आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि घटना से जुड़े अन्य सुराग और बाकी आरोपियों के ठिकानों का पता लगाया जा सके.

30 मई को हुई थी वारदात, 14 लोगों पर दर्ज है नामजद केस

गौरतलब है कि बीते 30 मई को बेउर थाना क्षेत्र के पैठानी नथ्थूपुर गांव में बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े आनंद कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी थी. इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत और सनसनी फैल गई थी. घटना के बाद मृतक के भाई अरविंद कुमार के लिखित बयान के आधार पर बेउर थाने में हत्या का मामला दर्ज कराया गया था, जिसमें कुल 14 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है.

पुलिस के अनुसार, इस वीभत्स हत्याकांड को अंजाम देने के पीछे के कारणों और आपसी रंजिश व भूमि विवाद सहित विभिन्न बिंदुओं पर वैज्ञानिक तरीके से तफ्तीश की जा रही है. एसडीपीओ सुशील कुमार ने दावा किया है कि इस कांड में शामिल सभी अपराधियों की पहचान स्थापित हो चुकी है और उनके संभावित ठिकानों पर लगातार सघन छापेमारी जारी है. जल्द ही गिरोह के अन्य फरार सदस्यों को भी सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा. फिलहाल, गिरफ्तार आरोपी सुटाली राय को कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है.

Also Read: खान सर के दो लोगों को पुलिस ने उठाया, फायरिंग वाले वीडियो ने पलटा पूरा मामला? जांच में आया नया मोड़

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Nikhil Anurag

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >