Patna News: (अजीत कुमार की रिपोर्ट)
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आगमन को लेकर नदियामा गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला. हजारों की संख्या में महिला, पुरुष, युवा और बुजुर्ग सुबह से ही शिविर स्थल पर पहुंच गए थे. मुख्यमंत्री के पहुंचते ही कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने फूल-मालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया और पूरा पंडाल नारों तथा तालियों से गूंज उठा.
दीप प्रज्ज्वलन कर शिविर का शुभारंभ
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, केंद्रीय मंत्री रामकृपाल यादव, विधायक श्याम रजक समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर शिविर का उद्घाटन किया. इस अवसर पर विधायक श्याम रजक ने मुख्यमंत्री को माता सावित्रीबाई फुले की तस्वीर और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया.
सरकार और जनता के बीच दूरी खत्म करने की पहल
मुख्यमंत्री ने कहा कि सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर का उद्देश्य सरकार और जनता के बीच की दूरी को समाप्त करना है. उन्होंने बताया कि बिहार के सभी 534 प्रखंडों में ऐसे शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जहां लोगों की समस्याओं का ऑन द स्पॉट समाधान किया जा रहा है और सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाया जा रहा है.
71 करोड़ की विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने रिमोट के माध्यम से फुलवारी शरीफ प्रखंड क्षेत्र में विभिन्न विभागों की लगभग 71 करोड़ रुपये लागत वाली विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. उन्होंने कहा कि सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, भवन निर्माण और ग्रामीण विकास से जुड़ी परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी.
विभागीय स्टॉलों का किया निरीक्षण
मुख्यमंत्री ने शिविर परिसर में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और लाभुकों से सीधे संवाद किया. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए. शिविर में बड़ी संख्या में लोग आवेदन जमा करते और योजनाओं की जानकारी लेते दिखाई दिए.
17 प्रमुख योजनाओं का मिल रहा लाभ
उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि इस शिविर के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की करीब 17 प्रमुख योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि अब लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं.
गरीबों और जरूरतमंदों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना और जीविका योजना सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है. उन्होंने लोगों से आयुष्मान कार्ड बनवाने की अपील भी की.
पेंशन राशि बढ़ाकर 1100 रुपये की गई
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने वृद्ध, दिव्यांग और विधवा पेंशनधारियों की पेंशन राशि 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये कर दी है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि तकनीकी कारणों से वंचित लाभुकों को चिन्हित कर जल्द लाभ दिया जाए.
महिलाओं को बनाया जा रहा आत्मनिर्भर
मुख्यमंत्री ने कहा कि जीविका समूहों के माध्यम से लाखों महिलाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ा गया है. सरकार का लक्ष्य अधिक से अधिक महिलाओं को लखपति दीदी बनाना है ताकि वे आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बन सकें.
लाभुकों को वितरित किए प्रमाण पत्र और
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जीविका दीदियों, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न योजनाओं के लाभुकों को प्रमाण पत्र, स्वीकृति पत्र और सहायता राशि प्रदान की. लाभुकों ने सरकार की योजनाओं के लिए आभार व्यक्त किया.
नदियामा मध्य विद्यालय को प्लस टू विद्यालय बनाने की घोषणा
शिक्षा के क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रत्येक प्रखंड में आधुनिक सुविधाओं से युक्त मॉडल स्कूल विकसित करेगी. उन्होंने नदियामा मध्य विद्यालय को प्लस टू विद्यालय का दर्जा देने की दिशा में कार्रवाई करने की घोषणा भी की.
सरकारी स्कूलों को बनाया जाएगा आधुनिक
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी विद्यालयों में स्मार्ट क्लास, विज्ञान प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय और खेलकूद की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. सरकार का लक्ष्य है कि सरकारी स्कूलों की गुणवत्ता इतनी बेहतर हो कि लोग निजी विद्यालयों की बजाय सरकारी विद्यालयों को प्राथमिकता दें.
महिलाओं की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है. महिला उत्पीड़न और अपराध के मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं और अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं.
कानून व्यवस्था पर जीरो टॉलरेंस की नीति
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में कानून का राज स्थापित है और अपराध तथा भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है. अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और पुलिस को आधुनिक संसाधनों से सशक्त बनाया जा रहा है.
धार्मिक और पर्यटन स्थलों को कॉरिडोर से जोड़ा जाएगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के प्रमुख धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों को विश्वस्तरीय सुविधाओं से विकसित किया जाएगा. मां मुंडेश्वरी मंदिर, हरिहरनाथ मंदिर, विष्णुपद मंदिर, नालंदा और विक्रमशिला जैसे स्थलों को कॉरिडोर और बेहतर सड़क संपर्क से जोड़ा जाएगा ताकि पर्यटन को बढ़ावा मिल सके.
धार्मिक पर्यटन से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि धार्मिक पर्यटन सर्किट विकसित किए जाएंगे जिससे देश-विदेश से अधिक संख्या में पर्यटक बिहार आएंगे. इससे होटल, परिवहन, हस्तशिल्प और स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा तथा रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे.
विकसित बिहार बनाने की दिशा में तेजी से काम
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में सड़क, पुल, अस्पताल, मेडिकल कॉलेज, उद्योग और नए टाउनशिप के निर्माण पर तेजी से काम चल रहा है. राज्य में निवेश को बढ़ावा देने के लिए नई नीतियां लागू की जा रही हैं और विकसित बिहार, विकसित भारत के सपने को साकार करने में अहम भूमिका निभाएगा.
क्षेत्र के विकास के लिए सरकार का सहयोग जारी
विधायक श्याम रजक ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और विकास योजनाओं की जानकारी दी. वहीं केंद्रीय मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही हैं.
हजारों लोगों की मौजूदगी में संपन्न हुआ शिविर
कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह, आईजी जितेंद्र राणा, सिटी एसपी पूर्वी परिचय कुमार, सिटी एसपी पश्चिमी भानु प्रताप सिंह, विधान परिषद सदस्य रविंद्र सिंह, प्रखंड प्रमुख रामप्रवेश सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और हजारों की संख्या में आम लोग मौजूद रहे. पूरे कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के स्टॉलों पर लंबी कतारें लगी रहीं और लोगों ने अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आवेदन दिए. शिविर ने सरकार और जनता के बीच सीधे संवाद की एक मजबूत कड़ी स्थापित करने का कार्य किया.
ALSO READ: पटना में खुले नाले बने मौत का गड्ढा, हर कदम पर हादसे का खतरा, लोगों के फंसने और गिरने की बढ़ी घटनाएं
