118 साल पुराना ऐतिहासिक जुलूस, 454 वर्षों से हो रहा पहलाम, पटना सिटी से मुहर्रम की तस्वीरें देखिए

Patna City Muharram Procession : पटना सिटी इलाके में 118 वर्षों से आयोजित हो रहा ऐतिहासिक अलम का जुलूस निकाला गया है. नीचे पढ़ें पूरी खबर और तस्वीरें देखें…

पटना सिटी से अमिताभ श्रीवास्तव की रिपोर्ट
Patna City Muharram Procession :
पटना सिटी में शिया समुदाय ने बुधवार को हजरत इमाम हुसैन व 72 अंसारों की करबला के जंग में हुई शहादत पर दरगाह बाबुल हवायच चमडोरिया से अलम का जुलूस निकाला. मुहर्रम की आठवीं तारीख को सैकड़ों अलम के साथ निकला मातमी जुलूस अशोक राजपथ के मुख्य मार्ग से गुजर पश्चिम दरवाजा होते हुए नवाब बहादुर रोड़ तक आया. जुलूस में शामिल लोग सीनाजनी व नौहाखानी करते व मर्सिया पढ़ते चल रहे थे. मर्सिया में करबला की जंग का शाब्दिक चित्रण किया जा रहा था.

जुलूस में ये लोग रहे शामिल

जुलूस में जीनत ए अजा, दस्ते ए सज्जदिया, अंजुमन ए अब्बासिया, अंजुमन ए पंजेतनी, अंजुमन ए हैदरी व अंजुमन ए सज्जदिया, अंजुमन ए हुसैनिया समेत अन्य अंजुमन के लोग शामिल थे. जुलूस में दरगाह चमडोरिया के सचिव सैयद शाह जौहर इमाम जौनी, सैयद सरबर इमाम, सैय्यद हसन अली, सैयद जियारत हुसैन उर्फ पन्ना, संजर अली, दिलावर हुसैन, तनवीरूल हसन तन्नू, सैयद रजा इमाम समेत दर्जनों की संख्या में लोग उपस्थित थे.

दरगाह के सचिव सैयद शाह जौहर इमाम जौनी ने बताया कि चमडोरिया से अलम का यह जुलूस 118 वर्षो से निकल रहा है. नवमी मुहर्रम पर गुरुवार को बौली इमामबाड़ा से दुलजना का जुलूस निकल बड़ी हवेली गुजरी बाजार तक आयेगा. देर शाम पंदरीबा गली से मातमी जुलूस निकल नवाब बहादुर रोड तक आयेगा.

आशरा की मजलिस आयोजित

इससे पहले काठ के पुल स्थित डॉ सैय्द सफदर अली खान इमामबाड़ा में संयोजक डॉ सैय्यद डॉ सिकंदर अली और सैय्यद अमीर अली की देखरेख में मौलाना सैय्यद मो जकी बाकरी साहिब ने तकरीर की. नौजर कटरा स्थित इमामबाड़ा में मौलाना सैय्यद अमानत हुसैन, नवाब बहादुर रोड में स्थित गालिब इमाम साहिब इमामबाड़ा में मौलाना सैय्यद मुफ्फर रजा, गुजरी बाजार स्थित बड़ी हवेली में मौलाना शब्बीर मेहंदी की, खाजेकलां संगी दलान स्थित मेहंदी अली खान साहब की इमामबाड़ा बफ्फ स्टेट और गुलजारबाग इमामबंदी बफ्फ स्टेट में लखनऊ से आये मौलाना आबीस जरवली की तकरीर हुई.

दरगाह कर्बला में 454 वर्ष से होता है पहलाम

सुलतानगंज दरगाह रोड स्थित खानकाह हरजत दिवान शाह अरजा में सज्जादानशीं सैयद शाह अंजार हुसैनी ने बताया कि 453 वर्षों से मुहर्रम पर स्थापित सिपहर व ताजियों का पहलाम होता है. सज्जादानशीं ने बताया कि मुहर्रम पर खानकाह मे मजलिस होती है. इसमें शामिल होकर जायरीन दुआ मांगते हैं.

सिपहर व ताजियों का पहलाम कल

सुल्तानगंज स्थित दरगाह कर्बला में स्थापित सिपहर व ताजियो का पहलाम शुक्रवार होगा. इसके लिए प्रशासनिक तैयारी की गयी है. एसडीओ सत्यम सहाय ने बताया कि पहलाम के लिए तीन अस्थायी थाना दरगाह कर्बला, तिराहे की मसजिद व पत्थर की मसजिद में खोला जायेगा. जुलूस की वीडियोग्राफी करायी जायेगी. सीसीटीवी कैमरा से नजर रखा जायेगा. जुलूस में डीजे नहीं बजाने, तलवार का प्रदर्शन नहीं करने समेत अन्य तरह के निर्देश दिये गये. पहलाम के अखाड़ा में हाथी, घोड़ा,ऊंट पर भी प्रतिबंध रहेगा. एसडीओ, डीएसपी राजकिशोर सिंह ने कर्बला का निरीक्षण कर पहलाम की स्थिति को जाना.

ALSO READ: पटना में अब चलती ट्रेन में भी बुक करा सकेंगे कंफर्म बर्थ, यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Karuna Tiwari

करुणा तिवारी पत्रकारिता में अपने करियर की शुरुआत Doordarshan Bihar के साथ की. 8 वर्षों तक टीवी और डिजिटल माध्यम में सक्रिय रहने के बाद, वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल, बिहार टीम के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. उन्हें बिहार की राजनीति, ग्राउंड रिपोर्टिंग और सामाजिक मुद्दों में विशेष रुचि है. अपने काम के प्रति समर्पित करुणा हर दिन कुछ नया सीखने और बेहतर करने की कोशिश करती हैं.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >