पटना: फतुहा में उत्पाद विभाग की कार्रवाई, ट्रक और पिकअप से 14 लाख की विदेशी शराब-बीयर बरामद

पटना के फतुहा में उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई हुई है. एक ट्रक और पिकअप वाहन से करीब 14 लाख रुपये की विदेशी शराब और बीयर जब्त की गई. हालांकि, तस्कर विभाग की टीम को चकमा देकर फरार होने में कामयाब रहे.

Patna liquor seizure: राजधानी पटना के फतुहा थाना क्षेत्र के भिकुआ के समीप शुक्रवार सुबह मध् निषेध एवं उत्पाद विभाग की टीम ने शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक और एक पिकअप वाहन से भारी मात्रा में विदेशी शराब और बीयर बरामद की. बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 14 लाख रुपये बताई जा रही है. उत्पाद विभाग की इस कार्रवाई को क्षेत्र में शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है.

गुप्त सूचना पर की गई छापेमारी

जानकारी के अनुसार उत्पाद विभाग को सूचना मिली थी कि शराब की बड़ी खेप वाहनों के माध्यम से फतुहा क्षेत्र से होकर ले जाई जा रही है. सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर नरेंद्र कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई और भिकुआ के पास सघन छापेमारी अभियान चलाया गया. छापेमारी के दौरान टीम ने एक ट्रक और एक पिकअप वाहन को घेरकर तलाशी ली. तलाशी में दोनों वाहनों से विभिन्न ब्रांड की विदेशी शराब और बीयर की बड़ी खेप बरामद हुई.

कार्रवाई से पहले फरार हुए तस्कर

उत्पाद विभाग की टीम के पहुंचने की भनक लगते ही तस्कर मौके से फरार हो गए. अधिकारियों ने उनका पीछा भी किया, लेकिन वे पकड़ में नहीं आ सके. इसके बाद दोनों वाहनों को जब्त कर उनमें लदी शराब को कब्जे में ले लिया गया.

वाहनों के दस्तावेजों की हो रही जांच

उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जब्त शराब की गिनती, ब्रांडवार सूची तैयार करने और अन्य कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं. प्रारंभिक आकलन के अनुसार बरामद विदेशी शराब और बीयर की कीमत लगभग 14 लाख रुपये है.

मामले में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही टीम

इंस्पेक्टर नरेंद्र कुमार ने बताया कि फरार तस्करों की पहचान के लिए जब्त वाहनों के दस्तावेजों की जांच की जा रही है. साथ ही तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर जांच जारी है. उन्होंने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि फरार आरोपितों की पहचान कर जल्द गिरफ्तार किया जा सके.

शराबबंदी कानून लागू कराने को अभियान जारी

उत्पाद विभाग का कहना है कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं. विभाग ने स्पष्ट किया है कि शराब तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sudhir kumar singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >