पटना से अंबर की रिपोर्ट
Patliputra University : पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय (PPU) से संबद्ध कॉलेजों में शैक्षणिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए कुलपति प्रो. उपेंद्र प्रसाद सिंह का औचक निरीक्षण अभियान लगातार जारी है. बुधवार को निरीक्षण के तीसरे दिन कुलपति ने किसान कॉलेज सोहसराय और नालंदा कॉलेज का दौरा कर शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया.
किसान कॉलेज में प्राचार्य और बर्सर अनुपस्थित
निरीक्षण के दौरान किसान कॉलेज सोहसराय के प्राचार्य प्रो. दिवांशु कुमार, बर्सर आनंद शंकर समदर्शी, समाजशास्त्र विभाग के डॉ. विजय कुमार तथा अवधेश कुमार द्विवेदी अनुपस्थित पाए गए. वहीं नालंदा कॉलेज में कक्षाएं बंद मिलीं, जिस पर कुलपति ने नाराजगी जताई.
परीक्षा व्यवस्था और कक्षाओं की समीक्षा
कुलपति ने यूजी सेमेस्टर-4 की चल रही परीक्षा व्यवस्था, कक्षाओं की स्थिति, शिक्षकों एवं कर्मियों की उपस्थिति के साथ शैक्षणिक और प्रशासनिक गतिविधियों की समीक्षा की. उन्होंने परीक्षा की गोपनीयता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए केंद्राधीक्षकों एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए.
छात्रों से जाना समस्याओं का हाल
निरीक्षण के दौरान कुलपति ने छात्रों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों की जानकारी ली. साथ ही कॉलेज परिसर की स्वच्छता, पुस्तकालय, प्रयोगशालाओं और विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का भी निरीक्षण किया.
अनुपस्थित शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस
कुलसचिव प्रो. अबु बकर रिजवी ने बताया कि विश्वविद्यालय के सभी अंगीभूत और संबद्ध कॉलेजों में नियमित रूप से औचक निरीक्षण जारी रहेगा. उन्होंने कहा कि अनुपस्थित पाए गए प्राचार्य, बर्सर और शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया है. विश्वविद्यालय शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है.
इसे भी पढ़ें : बिहार के कॉलेजों में प्रिंसिपल बनने के नियम बदले, अब इतने साल का अनुभव जरूरी, आरोपित उम्मीदवारों को नहीं मिलेगी कुर्सी
