Patna News : मल्टी मॉडल हब के बदले जीपीओ गोलंबर से चढ़ाने-उतारने लगे सवारी

मल्टी मॉडल हब में यात्रियों को उतारने और बैठाने का नियम तीन दिनों में ही फेल होना शुरू हो गया है. ऑटो चालकों ने मल्टी मॉडल हब के गेट के सामने, जीपीओ गोलंबर और जीपीओ गोलंबर से थोड़ा आगे फ्लाइओवर के नीचे फिर से स्टैंड शुरू कर दिया था.

संवाददाता, पटना : मल्टी मॉडल हब में यात्रियों को उतारने और बैठाने का नियम तीन दिनों में ही फेल होना शुरू हो गया है. अब ऑटो चालक ट्रैफिक नियमों को नहीं मान रहे हैं और जीपीओ गोलंबर से ही यात्रियों को उतारना और चढ़ाना शुरू कर चुके हैं. गुरुवार को केवल दिखावे के लिए ऑटो चालक मल्टी मॉडल हब में एक तरफ से प्रवेश कर रहे थे और दूसरी तरफ से निकल जा रहे थे, जबकि यात्रियों को मल्टी मॉडल हब के गेट के सामने, जीपीओ गोलंबर और जीपीओ गोलंबर से थोड़ा आगे फ्लाइओवर के नीचे फिर से स्टैंड शुरू कर दिया था. वहीं, मल्टी लेवल पार्किंग में न जाकर ऑटो व इ-रिक्शा बुद्ध स्मृति पार्क के गेट के पास खड़े रह रहे हैं और बोरिंग रोड, बेली रोड, पाटलिपुत्र, कुर्जी व राजापुर पुल जाने वाले सवारी को चढ़ा रहे हैं. खास बात तो यह है कि यह सब नजारा पास के ट्रैफिक जवान देखते रहते हैं, इसके बावजूद कार्रवाई के नाम पर चुप्पी साधे हुए हैं. बीच सड़क पर ऑटो खड़ा करने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है. ट्रैफिक एसपी अपराजित लोहान ने बताया कि कई ऑटो के सड़कों पर सवारी चढ़ाने की बात सामने आयी थी. ऑटो चालकों को स्पष्ट कर दिया गया है कि वे मल्टी मॉडल हब के अंदर से ही सवारी लेकर बाहर जाएं.

फ्लाइओवर के नीचे बना दी पार्किंग

ऑटो चालकों ने अब जीपीओ से आर ब्लॉक की ओर जाने वाले फ्लाइओवर के नीचे ही स्टैंड बना दिया है. 50 से अधिक ऑटो चालकों ने अपने वाहनों को खड़ा कर दिया है. मल्टी लेवल पार्किंग के एक कर्मचारी ने बताया कि जहां तक लाइट नहीं पहुंची, वहां तक 12 घंटे के अंदर रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है.

मल्टी लेवल पार्किंग का एग्जिट गेट हो रहा चौड़ा

पुराने मल्टी लेबल पार्किंग के एग्जिट गेट को तोड़ कर चौड़ा किया जा रहा है. इससे ऑटो को निकलने में आसानी होगी. फिलहाल दो लेन में ही ऑटो निकल रहे हैं. ट्रैफिक एसपी अपराजित लोहान ने कहा कि एग्जिट गेट को चौड़ा किया जा रहा है. ऐसा होने पर ऑटो चार लेन में यहां से आसानी से निकल पायेंगे.

ओला-ऊबर के ऑटो भी मल्टी मॉडल हब में लगेंगे

ट्रैफिक एसपी ने ओला व ऊबर से जुड़े ऑटो को भी मल्टी मॉडल हब में लगाने का निर्देश दिया है. वह ऑटो चालकों से मिले व उनसे कहा कि अगर कोई बुकिंग करता है, तो अपने यात्री को मल्टी मॉडल हब के पास ही बुलाएं व बैठा कर गंतव्य की ओर ले जाएं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >