Patna News : (खगौल) दानापुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या एक पर एसएमवी बेंगलुरु-दानापुर स्पेशल ट्रेन की साधारण बोगी से एक यात्री का संदिग्ध स्थिति में शव मिलने से अफरा-तफरी मच गई. मेमो की सूचना पर रेल थाना और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की. ट्रेन प्लेटफॉर्म पर करीब एक घंटे तक खड़ी रही. इसके बाद रेल मंडल अस्पताल, दानापुर की मेडिकल टीम मौके पर पहुंची और जांच के बाद यात्री को मृत घोषित कर दिया.
बेंगलुरु से दानापुर आ रहा था मृतक
मृतक की पहचान समस्तीपुर जिले के लरझाघाट थाना क्षेत्र के नरपा निवासी संतोष कुमार साह, पिता ब्रह्मदेव साह के रूप में हुई है. मृतक के भाई बाबू साहब साह ने बताया कि करीब छह माह पहले संतोष अपने दोस्तों के साथ बेंगलुरु में राजमिस्त्री का काम करने गए थे. वह बेंगलुरु से स्पेशल ट्रेन से दानापुर लौट रहे थे. सफर के दौरान ही उनकी मौत हो गई. मौत का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है.
बोगी के कोने में चादर से ढका मिला शव
मृतक के भाई ने बताया कि रेल थाना से सूचना मिलने के बाद वह दानापुर स्टेशन पहुंचे. वहां एसएमवी बेंगलुरु-दानापुर स्पेशल ट्रेन की साधारण बोगी के कोने में उनके भाई का शव चादर से ढका हुआ पड़ा था. उन्होंने कहा कि उन्हें यह पता नहीं चल सका कि सफर के दौरान संतोष की तबीयत कब और कैसे बिगड़ी.
समय पर इलाज मिलता तो बच सकती थी जान
परिजनों ने आरोप लगाया कि ट्रेन के दानापुर पहुंचने के बाद भी काफी देर तक शव बोगी में पड़ा रहा. उन्होंने मेडिकल टीम पर जांच प्रक्रिया में देरी का आरोप लगाया. परिजनों का कहना है कि सफर के दौरान तबीयत बिगड़ने पर रेलवे के गार्ड, टीटीई और स्कार्ट पार्टी ने समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई होती तो संतोष की जान बच सकती थी. इलाज नहीं मिलने से मौत होने का आरोप लगाते हुए परिजनों ने रेल प्रशासन पर सवाल उठाए.
दुर्गंध से यात्रियों को हुई परेशानी
शव से तेज दुर्गंध निकलने के कारण प्लेटफॉर्म पर मौजूद आरपीएफ और जीआरपी के जवानों को नाक पर कपड़ा बांधकर ड्यूटी करनी पड़ी. दुर्गंध से कई यात्री परेशान हो गए और कुछ यात्रियों के उल्टी करने की भी बात सामने आई. यात्रियों ने रेलवे की चिकित्सा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि यात्रियों की तबीयत खराब होने पर तत्काल मेडिकल सुविधा उपलब्ध कराने के दावे किए जाते हैं, लेकिन इस मामले में समय पर चिकित्सा सुविधा क्यों नहीं मिली, यह जांच का विषय है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारण का चलेगा पता
रेल थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल भेज दिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यात्री की मौत के कारण का पता चल सकेगा. परिजन के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है.
Also Read:पटना: MLA बनने के बाद इस आवास में रहेंगे प्रशांत किशोर, जानिए किसके बने पड़ोसी
