पटना: गोलू हत्याकांड में परिजनों से मिले सांसद पप्पू यादव, निष्पक्ष जांच का दिया भरोसा

फुलवारी शरीफ के जमीन कारोबारी गोलू कुमार की गोली मारकर हत्या के मामले में सांसद पप्पू यादव मृतक के परिजनों से मिले. उन्होंने हर संभव मदद का भरोसा दिया और जल्द गिरफ्तारी की मांग पर जोर दिया.

Pappu Yadav : फुलवारी शरीफ के करोड़ीचक गांव के जमीन कारोबारी गोलू कुमार की गोली मारकर हत्या के मामले में पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव गुरुवार की देर रात मृतक के घर पहुंचे. उन्होंने गोलू के परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिया. परिजनों ने सांसद से हत्याकांड में शामिल अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी कराने की मांग की.

तीन भाइयों में सबसे छोटा था गोलू

मृतक के बड़े भाई महेश कुमार ने सांसद को बताया कि गोलू तीन भाइयों में सबसे छोटा था. महेश पेंट और पॉलिश का काम करते हैं, जबकि मंझले भाई रमेश कुमार ट्रैक्टर चलाते हैं. गोलू छोटी-मोटी जमीन की खरीद-बिक्री का काम करता था. पिता परमानंद यादव मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं. परिजनों के अनुसार परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है और मेहनत-मजदूरी कर जीवनयापन करता है.

दोस्तों पर हत्या का आरोप, नाम बताने से परिजन रहे अनजान

महेश कुमार ने आरोप लगाया कि गोलू को उसके कुछ दोस्तों ने ही घर से बुलाया था और उन्हीं लोगों ने उसकी हत्या की. हालांकि, परिजनों ने किसी दोस्त का नाम नहीं बताया है. घटना के बाद पुलिस ने घटनास्थल से एक मोबाइल फोन बरामद किया था. परिजनों का कहना है कि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि बरामद मोबाइल किसका है. उन्होंने मोबाइल से जुड़े तथ्यों का जल्द खुलासा करने की मांग की.

थाने से जांच जारी होने की बात कहकर लौटाने का आरोप

परिवार के लोगों ने सांसद से शिकायत की कि हत्याकांड के संबंध में जानकारी लेने के लिए जब वे थाना जाते हैं तो उन्हें सिर्फ जांच जारी होने की बात कहकर वापस भेज दिया जाता है. परिजनों ने पुलिस से हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी की मांग दोहराई.

जन्मदिन से तीन दिन पहले गोलू की गोली मारकर हत्या

बताया जाता है कि गोलू कुमार का जन्मदिन 21 अगस्त को था. जन्मदिन से तीन दिन पहले 18 अगस्त की रात उसे घर से कुछ दूरी पर बुलाया गया था. इसके बाद शराब पार्टी के दौरान गोली मारकर उसकी हत्या कर दी गई. घटना के बाद बड़े भाई महेश कुमार ने फुलवारी शरीफ थाना में लिखित आवेदन देकर अज्ञात लोगों पर हत्या का आरोप लगाया था.

जमीन विवाद से लेकर प्रेम प्रसंग तक की जांच

पुलिस हत्याकांड की कई एंगल से जांच कर रही है. जमीन विवाद, पैसे के लेनदेन और प्रेम प्रसंग समेत विभिन्न बिंदुओं को जांच में शामिल किया गया है. पुलिस ने कई स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं और कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की है. पुलिस का दावा है कि मामले में कई अहम सुराग मिले हैं और जल्द अपराधियों तक पहुंचकर कार्रवाई की जाएगी.

जन्मदिन के कपड़े सिलने वाले दर्जी विक्की को हिरासत में लेने की शिकायत

ग्रामीणों ने सांसद पप्पू यादव से पुलिस कार्रवाई को लेकर भी शिकायत की. ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस जांच के नाम पर गांव के कई युवकों को उठाकर थाना ले गई है. इसी दौरान विक्की नाम के युवक का मामला भी सांसद के सामने रखा गया.

परिजनों के अनुसार गोलू ने जन्मदिन के लिए नए कपड़े सिलवाने को गांव के ही रहने वाले विक्की को कपड़ा दिया था. विक्की राजा बाजार में दर्जी का काम करता है. कपड़े तैयार होने के बाद उसने गोलू को फोन कर इसकी जानकारी दी थी. गोलू ने उसे कपड़ा लेकर गांव आने को कहा था. विक्की गांव पहुंचा और गोलू को कई बार फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई. अगले दिन उसे गोलू की हत्या की जानकारी मिली.

परिजनों ने कहा- हत्या से विक्की का कोई लेना-देना नहीं

विक्की के परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद पुलिस ने उसे पकड़कर थाना में रखा है. उनका कहना है कि विक्की का हत्या से कोई संबंध नहीं है और वह सिर्फ गोलू के जन्मदिन के लिए कपड़े सिल रहा था. परिवार के अनुसार पुलिस ने विक्की के साथ आयुष नाम के एक अन्य युवक को भी हिरासत में लिया है.

सांसद बोले- दोषियों को सजा मिले, निर्दोष परेशान न हों

ग्रामीणों ने सांसद से निष्पक्ष जांच कर वास्तविक अपराधियों की गिरफ्तारी और निर्दोष लोगों को परेशान नहीं करने की मांग की. सांसद पप्पू यादव ने ग्रामीणों की शिकायत सुनी और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया. उन्होंने कहा कि हत्या में शामिल अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी होनी चाहिए, लेकिन जांच के दौरान किसी निर्दोष व्यक्ति को बेवजह परेशान नहीं किया जाना चाहिए.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अजीत कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >