राजभवन का निर्देश : अब पीपीयू के पीएचडी एंट्रेंस टेस्ट में एक पेपर सब्जेक्टिव, दूसरा वैकल्पिक

राज्य के विभिन्न विश्वविद्यालयों में होने वाले पैट (पीएचडी एंट्रेंस टेस्ट) में बहुवैकल्पिक प्रश्नों को लेकर राजभवन सख्त हो गया है.

– पहले से दोनों विषयों के लिए ओएमआर शीट पर परीक्षा लेने की हुई थी घोषणा

संवाददाता, पटना

राज्य के विभिन्न विश्वविद्यालयों में होने वाले पैट (पीएचडी एंट्रेंस टेस्ट) में बहुवैकल्पिक प्रश्नों को लेकर राजभवन सख्त हो गया है. जिन विश्वविद्यालयों में पीएचडी इंट्रेंस टेस्ट की घोषणा हुई थी, लेकिन परीक्षा के दोनों पेपर को बहुवैकल्पिक रूप में लेने का निर्णय लिया गया. इसके बाद राजभवन ने सख्ती दिखाते हुए ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय को परीक्षा पर रोक लगाते हुए पुराने पैटर्न पर परीक्षा लेने का निर्देश दिया है. इसकी कॉपी सभी विवि को भेजी गयी. बताया जाता है कि राजभवन की ओर से कोरोना काल में केवल दोनों पेपर को ओएमआर शीट पर परीक्षा लेने के लिए बहुवैकल्पिक प्रश्नों के आधार पर अनुमति दी थी. इसके बाद भी कुछ विवि की ओर से इसी पैटर्न पर परीक्षा लेने की तैयारी चल रही थी. इसको देखते हुए राजभवन ने सख्त रूख अख्तियार करते हुए एक पेपर बहुवैकल्पिक एवं दूसरा लिखित परीक्षा लेने को कहा है. इसके बाद पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय ने भी सिलेबस में बदलाव करते हुए संशोधित अधिसूचना जारी की. कुलसचिव प्रो एनके झा ने बताया कि पीएचडी इंट्रेंस से संबंधित सभी जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जारी कर दी गयी है. परीक्षा पैटर्न की भी जारी दी गयी है. इसके तहत एक पेपर ओएमआर शीट पर बहुवैकल्पिक प्रश्नों के आधार पर ली जायेगी. दूसरा पेपर सैद्धांतिक होगा. इसमें प्रश्नों के जवाब देने होंगे.

7399 अभ्यर्थियों ने किया है आवेदन

पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय कुलपति प्रो शरद कुमार यादव ने बताया कि अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन लिये जा चुके हैं. इस प्रक्रिया में शामिल होने के लिए 7399 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है. इसमें 1581 अभ्यर्थी ऐसे हैं, जो नेट, जेआरएफ, पैट आदि पहले से उत्तीर्ण होने के कारण प्री-पीएचडी टेस्ट से छूट प्राप्त करेंगे. जबकि, 5818 अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा आयोजित होगी. प्री पीएचडी टेस्ट 25 विषयों में 803 सीटों पर चार अप्रैल को ली जायेगी.——

सबसे अधिक राजनीति विज्ञान में 74 सीटें

पीएचडी ओएसडी डॉ कुमारी सीमा ने बताया कि सबसे अधिक राजनीति विज्ञान में 74 सीटें हैं. इसके अतिरिक्त हिन्दी में 70, लोक प्रशासन में पांच, रसायनशास्त्र में 66, अर्थशास्त्र व मनोविज्ञान में 57-57, बॉटनी में 56, दर्शनशास्त्र में 48, इतिहास में 48, भौतिकी में 38, कॉमर्स में 25, जूलॉजी में 24, गणित 16, इलेक्ट्रॉनिक्स सात, एआइ एंड एएस 15, भूगोल 12, समाजशास्त्र 20, गृह विज्ञान 19, एलएसडब्ल्यू पांच, अंग्रेजी 72, संस्कृत 22, उर्दू 12, संगीत दो, पाली 15 एवं मैथिली में सात सीटों पर नामांकन लिया जायेगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Anurag pradhan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >