रिजल्ट में गड़बड़ी को लेकर नर्सिंग छात्रों का बवाल: आर्यभट्ट यूनिवर्सिटी में तोड़फोड़, पुलिस पर पथराव, थानेदार समेत 3 घायल

अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे नर्सिंग छात्रों का गुस्सा पटना में हिंसक हो गया. आर्यभट्ट नॉलेज यूनिवर्सिटी में घुसकर तोड़फोड़ और पुलिस पर पथराव किया गया, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं.

Uproar At Aryabhatta University : नर्सिंग छात्र-छात्राओं का गुस्सा मंगलवार को पटना में हिंसक हो गया. अपनी मांगों को लेकर बिहार स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के बाहर जुटे 500 से अधिक नर्सिंग छात्रों ने जमकर हंगामा किया. छात्रों ने आर्यभट्ट नॉलेज यूनिवर्सिटी परिसर में घुसकर तोड़फोड़ की और पुलिस पर पथराव कर दिया. पथराव में जक्कनपुर थानाध्यक्ष ऋतुराज समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गये. एक कांस्टेबल के सिर में चोट लगी है. स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा. पुलिस ने चार छात्रों को हिरासत में लिया है.

गार्ड से धक्का-मुक्की, फिर कैंपस में घुसे छात्र

नर्सिंग के छात्र अपनी मांगों को लेकर आर्यभट्ट नॉलेज यूनिवर्सिटी कैंपस में स्थित बिहार स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के सामने जुटे थे. छात्र विश्वविद्यालय परिसर में प्रवेश करना चाहते थे, लेकिन गेट पर रोक दिया गया. इसके बाद छात्र सड़क पर बैठकर प्रदर्शन करने लगे. भीड़ बढ़ने के बाद छात्रों ने दोबारा कैंपस में प्रवेश की कोशिश की.

इस दौरान सुरक्षा गार्ड से छात्रों की तीखी बहस और धक्का-मुक्की हुई. आरोप है कि छात्रों ने गार्ड के साथ मारपीट की और जबरन परिसर में प्रवेश कर गये. इसके बाद कैंपस में हंगामा शुरू हो गया.

पुलिस पर पथराव, थानेदार समेत तीन घायल

हंगामे की सूचना पर जक्कनपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रों को समझाने का प्रयास किया. पुलिस ने जब प्रदर्शनकारियों को परिसर से बाहर निकालने की कोशिश की तो छात्र पुलिस से भिड़ गये. इसी दौरान पुलिस पर पथराव और हमला कर दिया गया.

पथराव में जक्कनपुर थानाध्यक्ष ऋतुराज, कांस्टेबल जितेंद्र कुमार और सुमन कुमारी घायल हो गये. कांस्टेबल जितेंद्र कुमार के सिर में चोट लगी है. इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर छात्रों को खदेड़ा.

कुर्सी-टेबल और शीशे तोड़े

हंगामे के दौरान आर्यभट्ट नॉलेज यूनिवर्सिटी परिसर में जमकर तोड़फोड़ की गयी. छात्रों ने कुर्सी, बेंच और टेबल के साथ कई शीशे तोड़ दिये. विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि छात्रों ने पूरे कैंपस में उत्पात मचाया. छात्रों पर राहगीरों की गाड़ियों के शीशे तोड़ने का भी आरोप है.

स्थिति बिगड़ने के बाद पुलिस ने चार छात्रों को हिरासत में लिया है. फिलहाल विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गयी है.

रिजल्ट में गड़बड़ी का आरोप, 90% छात्रों को फेल करने का दावा

प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप है कि सेमेस्टर परीक्षा में करीब 90 प्रतिशत छात्रों को फेल कर दिया गया है. छात्रों ने परीक्षा रिजल्ट में गड़बड़ी, नियमित पढ़ाई नहीं होने और अधिक फीस वसूलने का आरोप लगाया है.

छात्रों का कहना है कि जिन विद्यार्थियों के 0.5, 1, 2 या 3 अंक कम हैं, उन्हें नियम के अनुसार पांच अंक का ग्रेस देकर पास किया जाना चाहिए था. छात्रों ने कहा कि उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन के सामने अपनी शिकायत रखी, लेकिन उनकी समस्याओं पर सुनवाई नहीं हुई.

प्रदर्शनकारी छात्रों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा.

पहले नालंदा और सीवान में भी हुआ था प्रदर्शन

नर्सिंग छात्रों का आंदोलन पिछले कुछ दिनों से जारी है. बीते शनिवार को नालंदा और सीवान में भी नर्सिंग छात्रों ने हंगामा और प्रदर्शन किया था. वहां नर्सिंग कॉलेजों में तोड़फोड़ की बात भी सामने आयी थी. मंगलवार को बिहार के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में नर्सिंग छात्र पटना स्थित बिहार स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय पहुंचे थे.

मीठापुर में लगा जाम, न्यू बाइपास तक असर

नर्सिंग छात्रों के हंगामे और पुलिस लाठीचार्ज के बाद मीठापुर इलाके में यातायात व्यवस्था चरमरा गयी. सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गयी. इसका असर न्यू बाइपास तक देखने को मिला. विश्वविद्यालय के सामने काफी देर तक अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही, जिससे आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा.

Also Watch : VIDEO : तेजस्वी यादव का बयान, बोले- 'बिहार बन गया Paper Leak का Hub'



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By नितीश कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >