नन-स्टॉप अंतरराष्ट्रीय विमान सेवा बिहार से जल्द शुरू होगी

बिहार से अब नन-स्टॉप अंतरराष्ट्रीय विमान सेवाएं प्रारंभ कराने की तैयारी हो रही है. पटना से काठमांडू, जबकि गया से शारजाह, गया से बैंकाक, गया से कोलंबो और गया से सिंगापुर की नन-स्टॉप हवाई यात्रा होगी.

संवाददाता,पटना

बिहार से अब नन-स्टॉप अंतरराष्ट्रीय विमान सेवाएं प्रारंभ कराने की तैयारी हो रही है. पटना से काठमांडू, जबकि गया से शारजाह, गया से बैंकाक, गया से कोलंबो और गया से सिंगापुर की नन-स्टॉप हवाई यात्रा होगी. बिहार सरकार ने नये अंतरराष्ट्रीय मार्गों पर हवाई संपर्कता बढ़ाने को लेकर संकल्प जारी कर दिया है. इस के तहत नये हवाई रूटों पर उड़ान भरनेवाली भारतीय एजेंसियों को राज्य सरकार द्वारा प्रति फेरी उड़ान प्रोत्साहन राशि (वीजीएफ) भी दी जायेगी.

राज्य सरकार ने यह नये अंतरराष्ट्रीय मार्गों पर हवाई संपर्कता बढ़ाने की केंद्र सरकार की नीति आरसीएस-उड़ान योजना के तहत तैयार की गयी राष्ट्रीय नीति के अनुरूप है. नयी नीति निर्धारण के बाद इसके कार्यान्वयन के लिए सरकार ने चार सदस्यीय एक उच्चस्तरीय कमेटी गठन कर दिया है.

मंत्रिमंडल सचिवालय द्वारा जारी नीति के संकल्प में स्पष्ट किया गया है कि कमेटी द्वारा इनका कार्यान्वयन करना, अंतरराष्ट्रीय मार्गो के अनुसार वित्तीय सहायता की राशि का निर्धारण करना है. कमेटी के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सरकार ने मंत्रिमंडल सचिवालय के अपर मुख्य सचिव को सौंपी है.

कमेटी में सदस्य के रूप में वित्त विभाग के सचिव (व्यय), निदेशक, वायुयान संगठन निदेशालय और प्रशासी पदाधिकारी वायु यान संगठन निदेशालय इसके सदस्य सचिव बनाये गये हैं. नीति में किये गये प्रावधान के अनुसार अंतरराष्ट्रीय मार्गो के लिए भारतीय विमानन कंपनियों को न्यूनतम 150 या उससे अधिक सीट क्षमता वाले फिक्स्ड विंग विमान का संचालन करना अनिवार्य होगा. सरकार की वित्तीय सहायता पहले छह महीने के लिए दी जायेगी. नीति की प्रभावशीलता और चयनित मार्ग के वाणिज्यिक प्रदर्शन की समीक्षा के आधार पर इसे छह महीने के लिए नवीकृत किया जा सकेगा. पटना से काठमांडू की उड़ान के लिए प्रति फेरी पांच लाख रुपये प्रोत्साहन राशि दी जायेगी. एक वर्ष में इस पर सरकार 18.25 करोड़ रुपये खर्च होंगे. इसी प्रकार गया-शारजाह के लिए प्रति ट्रिप 10 लाख दिये जायेंगे. इस पर वर्ष में 36.5 करोड़ खर्च होंगे. इसी प्रकार गया-बैंकाक प्रति ट्रिप 10 लाख, गया-कोलंबो 10 लाख और गया-सिंगापुर के लिए भी विमानन कंपनियों को प्रति ट्रिप के 10 लाख रुपये दिये जायेंगे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Rakesh ranjan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >