दानापुर. पिछले डेढ़ माह से लापता द्वारिकापुरी निवासी जमीन कारोबारी राम लड्डू कुमार को ढूंढने पुलिस नाकाम रही है. पुलिसिया कार्रवाई से नाराज राम लड्डू की पत्नी ने अपने बच्चों के साथ सामूहिक आत्मदाह करने की धमकी दी. लापता राम लड्डू की पत्नी नीतू देवी ने मंगलवार को पत्रकारों से कहा कि मेरे पति पिछले 4 जुलाई की सुबह साढ़े 8 बजे घर से निकले थे. देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने फोन किया. उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया. पांच जुलाई को स्थानीय थाने में गुमशुदगी का मामला दर्ज करते हुए खोजबीन की गुहार लगायी. पुलिस के वरीय अधिकारियों से उनका मोबाइल लोकेशन ट्रेस करने की मांग की जा रही थी, परंतु पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गयी. तीन दिन बाद खगौल के नेऊरा कॉलोनी में लावारिस हालत में राम लड्डू की बाइक मिली. पुलिस मौके पर पहुंच बाइक की बरामद कर ले गयी. उन्होंने कहा कि कांड के अनुसंधानकर्ता ब्रजेश कुमार थाना में बुलकार उल्टे-सीधा सवाल करते हैं और मुझे ही दोषी बनाया जा रहा है. उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि उनके पति को सही सकुशल बरामद कर नहीं लाया गया तो अपने पुत्र व पुत्री के साथ आत्मदाह कर लेगी. उन्होंने बताया कि जिसपर आरोप लगाया तो पुलिस उससे पूछताछ तक नहीं कर रही है. पुलिस कार्रवाई के नाम पर केवल खानापूर्ति करने में जुटी है. थानाध्यक्ष पीके भारद्वाज ने बताया कि इस मामले में अनुसंधान किया जा रहा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
