Nitish Kumar Bihar Yatra: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार मंगलवार को पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा के आवास पहुंचे. इस दौरान उन्होंने पार्टी नेताओं और वहां मौजूद अन्य लोगों से मुलाकात की. मुलाकात के बाद बिहार में नीतीश कुमार के फिर से सक्रिय होकर लोगों और कार्यकर्ताओं के बीच जाने को लेकर चर्चा तेज हो गयी है. संजय झा ने नीतीश कुमार से कहा कि लोगों की इच्छा है कि वह उनके बीच जाएं और उनसे मिलें. इसके बाद अक्टूबर से नीतीश कुमार के बिहार में लोगों के बीच जाने की तैयारी की खबर सामने आयी है. जानकारी के अनुसार, इसके लिए अब रूपरेखा तैयार की जा रही है.
संजय झा के आवास पहुंचे नीतीश कुमार
नीतीश कुमार के संजय झा के आवास पहुंचने के बाद जेडीयू नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच हलचल बढ़ गयी. बताया जा रहा है कि दोनों नेताओं के बीच बिहार की मौजूदा राजनीतिक स्थिति और पार्टी की आगे की गतिविधियों को लेकर बातचीत हुई. संजय झा जेडीयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष होने के साथ-साथ नीतीश कुमार के करीबी नेताओं में गिने जाते हैं. ऐसे में मुख्यमंत्री पद से हटने और राज्यसभा जाने के बाद बिहार में नीतीश कुमार की राजनीतिक भूमिका को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच इस मुलाकात को महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
संजय झा ने कहा- लोगों के बीच जाएं नीतीश कुमार
मुलाकात के दौरान संजय झा ने नीतीश कुमार से कहा कि पार्टी के लोगों और आम जनता की ओर से लगातार यह मांग आ रही है कि वह उनके बीच जाएं. बताया गया कि कार्यकर्ता और आम लोग नीतीश कुमार से सीधे मिलना और उनसे संवाद करना चाहते हैं. इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने नीतीश कुमार के समर्थन में जयकारे लगाए और उन्हें "सुपर सीएम" कहकर नारे लगाए. नीतीश कुमार उनकी बातों को सुनते रहे और संजय झा से इस मुद्दे पर विमर्श करते देखे गये.
अक्टूबर से शुरू हो सकते हैं कार्यक्रम
संजय झा की ओर से लोगों के बीच जाने की बात रखे जाने के बाद नीतीश कुमार ने भी बिहार में लोगों के बीच जाने की तैयारी करने का निर्देश दिया. सूत्रों के मुताबिक, अक्टूबर से इस तरह के कार्यक्रम शुरू किए जाने की तैयारी है. इसके लिए कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जा रही है. नीतीश कुमार के फिर से बिहार में सक्रिय होकर लोगों और कार्यकर्ताओं के बीच जाने की चर्चा के बाद जेडीयू की राजनीतिक गतिविधियों को लेकर भी अटकलें तेज हो गयी हैं.
