अब किसके हाथ में होगी बिहार की कमान? गिरिराज सिंह बोले- अगला CM नीतीश की मर्जी से होगा तय

Bihar New CM: नीतीश कुमार ने खुद सोशल मीडिया पोस्ट कर राज्यसभा जाने की इच्छा जाहिर कर दी है. इसके बाद यह चर्चा तेज हो गई है कि उनके सीएम पद छोड़ने के बाद राज्य की कमान किसके हाथ में जाएगी. इस बीच केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा है कि बिहार का अगला मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मर्जी से ही तय होगा.

Bihar New CM: बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव तय माना जा रहा है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने खुद सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए साफ कर दिया है कि वह राज्यसभा चुनाव लड़ना चाहते हैं. उनके इस ऐलान के बाद लगभग तय हो गया है कि वह मुख्यमंत्री पद छोड़ देंगे.

अगर नीतीश कुमार राज्यसभा के लिए निर्वाचित होते हैं तो उन्हें संवैधानिक रूप से मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ेगा. ऐसे में बिहार में नई सरकार और नए मुख्यमंत्री को लेकर चर्चा तेज हो गई है. इस बीच केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह का बयान भी सामने आया है, जिसने राजनीतिक हलचल को और बढ़ा दिया है.

बिहार की राजनीति में इस साल की होली यादगार

राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि इस साल की होली बिहार की राजनीति में बड़े बदलाव के रूप में याद की जा सकती है. करीब दो दशक से ज्यादा समय तक मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार अब सत्ता की कमान छोड़ने जा रहे हैं. 2005 से लगातार अलग-अलग परिस्थितियों में उन्होंने बिहार की राजनीति का नेतृत्व किया. लेकिन अब उनके राज्यसभा जाने के फैसले से सत्ता का नया अध्याय शुरू होने वाला है.

गिरिराज सिंह बोले- नीतीश की मर्जी से होगा अगला मुख्यमंत्री

बिहार में अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, यह सवाल सबसे ज्यादा चर्चा में है. इस पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि बिहार का अगला मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सहमति और मर्जी से ही तय होगा. इस बयान को भाजपा और जेडीयू के बीच राजनीतिक संतुलन बनाए रखने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है.

भाजपा के ‘बड़े भाई’ बनने की चर्चा

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद छोड़ने के बाद बिहार में एनडीए के भीतर सत्ता का संतुलन बदल सकता है.

अब तक जेडीयू को गठबंधन में ‘बड़े भाई’ की भूमिका में देखा जाता था. लेकिन नई स्थिति में भाजपा के नेतृत्व में सरकार बनने की संभावना जताई जा रही है. यानी भाजपा पहली बार राज्य में प्रमुख भूमिका निभा सकती है.

सीएम पद की रेस में कई भाजपा नेता

नए मुख्यमंत्री को लेकर भाजपा के कई नेताओं के नाम चर्चा में हैं. डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय को प्रमुख दावेदार माना जा रहा है.

इसके अलावा डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा और भाजपा नेता संजीव चौरसिया का नाम भी राजनीतिक हलकों में लिया जा रहा है. हालांकि अंतिम फैसला पार्टी नेतृत्व और गठबंधन के भीतर बातचीत के बाद ही होगा.

नित्यानंद राय के आवास पर बढ़ी हलचल

सीएम पद की संभावनाओं के बीच नित्यानंद राय के आवास पर समर्थकों की आवाजाही बढ़ गई है. उनके समर्थक लगातार वहां पहुंचकर समर्थन जता रहे हैं. भाजपा के भीतर नित्यानंद राय को एक मजबूत और प्रभावशाली नेता माना जाता है. यादव समुदाय से आने के कारण उन्हें बिहार की जातीय राजनीति में भी महत्वपूर्ण माना जाता है.

राजनीतिक समीकरण साधने की रणनीति

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि नित्यानंद राय को आगे लाने के पीछे भाजपा की रणनीति भी हो सकती है. इससे भाजपा यादव वोट बैंक में सेंध लगाने की कोशिश कर सकती है, जो परंपरागत रूप से राजद के साथ माना जाता है. ऐसे में अगर भाजपा नेतृत्व उन्हें आगे बढ़ाता है तो यह केवल नेतृत्व परिवर्तन नहीं बल्कि राजनीतिक समीकरण साधने की कोशिश भी मानी जाएगी.

राज्यसभा जाने की इच्छा खुद की जाहिर

नीतीश कुमार ने खुद सोशल मीडिया पोस्ट में राज्यसभा जाने की इच्छा जाहिर की. उन्होंने लिखा कि संसदीय जीवन की शुरुआत से ही उनके मन में यह इच्छा थी कि वह बिहार विधानमंडल के दोनों सदनों के साथ-साथ संसद के दोनों सदनों के भी सदस्य बनें. इसी इच्छा को पूरा करने के लिए वह इस बार राज्यसभा चुनाव लड़ना चाहते हैं.

नीतीश कुमार के इस फैसले के बाद अब बिहार की राजनीति एक नए दौर में प्रवेश करती नजर आ रही है. आने वाले दिनों में यह साफ हो जाएगा कि राज्य की नई सरकार का नेतृत्व किसके हाथ में जाएगा.

Also Read: बिहार की राजनीति में बदलता समीकरण: ‘छोटे भाई’ से ‘बड़े भाई’ कैसे बनी भाजपा? JDU होती गई पीछे

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Abhinandan Pandey

अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >