एनआइटी : बिहटा कैंपस का आज प्रधानमंत्री करेंगे लोकार्पण

फिलहाल नये कैंपस में कंप्यूटर साइंस एवं इलेक्ट्रॉनिक्स ट्रेड से बीटेक की पढ़ाई विद्यार्थियों को करायी जा रही है.

संवाददाता, पटना

राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआइटी) पटना के बिहटा स्थित नये कैंपस का शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राष्ट्र को समर्पित करेंगे. फिलहाल नये कैंपस में कंप्यूटर साइंस एवं इलेक्ट्रॉनिक्स ट्रेड से बीटेक की पढ़ाई विद्यार्थियों को करायी जा रही है. नये कैंपस में दोनों डिपार्टमेंट के सेकंड इयर और थर्ड इयर के विद्यार्थियों को ही शिफ्ट किया गया है. फर्स्ट इयर के विद्यार्थियों की पढ़ाई पुराने पटना कैंपस में ही संचालित होगी. इन दोनों डिपार्टमेंट के लैब समेत अन्य सामग्रियों को नये कैंपस में शिफ्ट कर दिया गया है. इस अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और केंद्रीय राज्य शिक्षा मंत्री जयंत चौधरी वर्चुअल रूप से शामिल होंगे. वहीं केंद्रीय राज्य शिक्षा मंत्री डॉ सुकांत मजूमदार कैंपस में मौजूद रहेंगे. एनआइटी बिहटा में अतिरिक्त कैंपस के लिए जमीन बिहार सरकार ने 2016 में उपलब्ध करायी थी. शिक्षा मंत्रालय ने करीब 500 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी. जिसके तहत लगभग 1,10,000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल का निर्माण कराया गया है. इसमें करीब 2500 विद्यार्थियों के लिए सुविधाएं तैयार की गयी हैं.

नये कैंपस में विद्यार्थियों को मिलेगी अत्याधुनिक सुविधा

125 एकड़ में फैला यह नया कैंपस आधुनिक सुविधाओं से लैस है. इसमें शैक्षणिक विभाग, प्रशासनिक भवन, डाटा सेंटर, पुस्तकालय, इनोवेशन व इनक्यूबेशन सेंटर, विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग हॉस्टल, मेस-कैंटीन, फैकल्टी व स्टाफ क्वार्टर, स्टूडेंट एक्टिविटी सेंटर, खेल मैदान और अन्य सुविधाएं दी जायेगी. नये कैंपस से एनआइटी पटना में 2500 से ज्यादा छात्रों के लिए नये अवसर पैदा होंगे. इसके साथ ही यहां नवीनतम तकनीकी कोर्स और इंडस्ट्री की मांग के मुताबिक प्रोग्राम शुरू किये जायेंगे. यह कैंपस न केवल संस्थान के विकास में मील का पत्थर साबित होगा बल्कि बिहार की शिक्षा और तकनीकी प्रगति में भी अहम योगदान देगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMBER MD

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >