रविवार दोपहर 1 बजे एक्टिव पॉलिटिक्स में उतरेंगे निशांत कुमार, जेडीयू दफ्तर में तैयारी तेज

Nishant Kumar: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार 8 मार्च को एक्टिव पॉलिटिक्स में उतरेंगे. इसे लेकर तैयारी तेज हो गई है. जदयू विधायक हरिनारायण सिंह ने दावा किया है कि नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद बनने वाली सरकार में उनके बेटे निशांत कुमार को उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है.

Nishant Kumar: बिहार की राजनीति में इन दिनों बड़ी हलचल देखने को मिल रही है. चर्चा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जल्द ही अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं, क्योंकि उन्होंने राज्यसभा सदस्य बनने के लिए नामांकन दाखिल कर दिया है. इसी बीच जदयू के विधायक हरिनारायण सिंह ने दावा किया कि अगर बिहार में नई सरकार बनती है तो उसमें नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है. उन्होंने कहा कि इसको लेकर पार्टी के भीतर सहमति बन चुकी है. उनके अनुसार शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास पर हुई विधायक दल की बैठक में इस विषय पर चर्चा हुई थी.

क्या बोले सिंह

हरिनारायण सिंह का यह भी कहना है कि निशांत कुमार जल्द ही सक्रिय राजनीति में कदम रखने वाले हैं. उन्होंने बताया कि निशांत अगले महीने विधान परिषद के सदस्य बन सकते हैं. इसके लिए अप्रैल में होने वाले चुनाव में उन्हें विधान परिषद के लिए चुना जा सकता है. यह तय नहीं है कि वे अपने पिता के इस्तीफे से खाली होने वाली सीट से चुनाव लड़ेंगे या किसी दूसरी सीट से.

विधायक ने यह भी बताया कि यह अभी तय नहीं है कि नई सरकार बनते ही निशांत कुमार उपमुख्यमंत्री बनेंगे या बाद में उन्हें यह जिम्मेदारी दी जाएगी. इस संबंध में अंतिम फैसला पार्टी का शीर्ष नेतृत्व ही करेगा.

एक्टिव नजर आये निशांत

इसी बीच निशांत कुमार ने भी राजनीतिक गतिविधियों को तेज कर दिया है. शनिवार को पटना में जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा के आवास पर उनकी पार्टी के सभी जिलाध्यक्षों से मुलाकात हुई. करीब एक घंटे से ज्यादा समय तक चली इस बैठक में संगठन को मजबूत करने और आने वाले समय की रणनीति पर चर्चा की गई.

इस बैठक में जदयू के कई बड़े नेता मौजूद रहे, जिनमें केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह और प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा भी शामिल थे. बैठक के दौरान निशांत कुमार ने पार्टी नेताओं से कहा कि उन पर जो भरोसा जताया गया है, उसे वे निभाने की पूरी कोशिश करेंगे. उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य पार्टी को मजबूत करना और बिहार के विकास के लिए काम करना है.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

संजय झा बोले- नीतीश कुमार बिहार की राजनीति से दूर नहीं होंगे

संजय कुमार झा ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भले ही नीतीश कुमार राज्यसभा सांसद बन जाएं, लेकिन वे बिहार की राजनीति से दूर नहीं होंगे. उनका अनुभव राज्य के लिए बहुत महत्वपूर्ण है और वे आगे भी पार्टी और सरकार का मार्गदर्शन करते रहेंगे.

उन्होंने यह भी कहा कि निशांत कुमार रविवार को जदयू मुख्यालय में एक कार्यक्रम के दौरान औपचारिक रूप से सक्रिय राजनीति की शुरुआत करेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि शामिल होना शब्द ठीक नहीं है, क्योंकि निशांत पहले से ही पार्टी से जुड़े रहे हैं. अब वे सिर्फ सक्रिय रूप से काम करना शुरू करेंगे.

हरिनारायण सिंह के बयान के बाद यह भी चर्चा शुरू हो गई है कि अगर नीतीश कुमार इस्तीफा देते हैं तो बिहार में मुख्यमंत्री का पद भाजपा के पास जा सकता है. जदयू दो उपमुख्यमंत्री पद की मांग कर सकती है. फिलहाल बिहार में दोनों उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा भाजपा से हैं. इन सभी बातों पर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है.

इसे भी पढ़ें:  UPSC के 301वें रैंक पर दो आकांक्षा सिंह का दावा, सोमवार को आयोग बताएगा सच्चाई

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Paritosh Shahi

परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >