पटना के मोनु कुमार मिश्रा की रिपोर्ट
बिहटा. प्रखंड कार्यालय बिहटा में शुक्रवार को नए राशन कार्ड निर्माण अभियान को लेकर प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई. बैठक में अभियान को तेज गति से चलाने और अधिक से अधिक पात्र परिवारों तक पहुंचने की रणनीति पर चर्चा की गई.
विकास मित्रों को मिला रोज 20 आवेदन जुटाने का लक्ष्य
बैठक में प्रखंड के सभी विकास मित्रों को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने पंचायत क्षेत्रों में सक्रिय रहकर प्रतिदिन कम से कम 20 नए राशन कार्ड के आवेदन प्राप्त कर जमा कराएं. अधिकारियों ने कहा कि अभियान को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए सभी कर्मियों को पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा.
Smart PDS Portal से होंगे ऑनलाइन आवेदन
अधिकारियों ने बताया कि नए राशन कार्ड के लिए आवेदन Smart PDS Portal के माध्यम से ऑनलाइन किए जाएंगे. आवेदन के साथ परिवार के सभी सदस्यों का आधार कार्ड, पारिवारिक फोटो, जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, बैंक पासबुक की प्रति और आवेदक का मोबाइल नंबर सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज जमा करना अनिवार्य होगा.
पंचायत स्तर पर होगी ऑनलाइन प्रविष्टि
बीडीओ ने पंचायत स्तर के सभी कर्मियों को निर्देश दिया कि अभियान को युद्धस्तर पर चलाया जाए. पंचायत भवनों में प्राप्त आवेदनों की ऑनलाइन प्रविष्टि पंचायत कार्यपालक सहायकों द्वारा की जाएगी, ताकि पात्र परिवारों को समय पर राशन कार्ड उपलब्ध कराया जा सके.
जनप्रतिनिधियों से भी सहयोग की अपील
बैठक में सभी मुखिया, सरपंच, पंचायत समिति सदस्य, वार्ड सदस्य और अन्य जनप्रतिनिधियों से अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा पात्र परिवारों को आवेदन प्रक्रिया में सहयोग देने की अपील की गई. अधिकारियों ने कहा कि सरकार का उद्देश्य सार्वजनिक वितरण प्रणाली का लाभ हर पात्र परिवार तक पहुंचाना है.
