पटना न्यू मार्केट में दो साल बाद खुली निर्माण की पोल, गलत ढलान से बना नाला अब तोड़ा जा रहा; 14 इंच किया जाएगा गहरा

पटना में जलजमाव से राहत के लिए बने नालों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं. न्यू मार्केट और पटना जंक्शन इलाके में नए नाले को दोबारा तोड़कर ठीक किया जा रहा है. जानिए क्या है समस्या और समाधान.

Patna News : पटना में जलजमाव से राहत दिलाने के लिए बनाए गए नालों की निर्माण गुणवत्ता पर एक बार फिर सवाल उठ रहे हैं. न्यू मार्केट और पटना जंक्शन इलाके में करीब 772 मीटर लंबे नए बॉक्स ड्रेन का निर्माण पूरा होने के बाद अब उसकी सतह तोड़कर ढलान ठीक की जा रही है. नाले का निर्माण पूरा होने के बावजूद पानी का फ्लो सही नहीं होने से जलजमाव की समस्या बनी हुई थी. अब मल्टी मॉडल हब के पास नाले के चैंबर और सतह को तोड़कर इसे करीब 14 इंच और गहरा किया जा रहा है, ताकि पानी का बहाव सही दिशा में हो सके.

राजधानी में जलजमाव की समस्या दूर करने के लिए इस नाले के निर्माण में करीब दो साल का समय लगा. उम्मीद थी कि पटना जंक्शन और न्यू मार्केट इलाके को बारिश के दौरान जलजमाव से राहत मिलेगी. लेकिन निर्माण के बाद ही नाले के लेवल और ढलान को लेकर परेशानी सामने आने लगी. स्थिति यह है कि जिस नाले को जलजमाव खत्म करने के लिए बनाया गया, उसे अब दोबारा तोड़कर ठीक करना पड़ रहा है.

गलत ढलान से रुका पानी का बहाव

पटना जंक्शन और न्यू मार्केट इलाके में बनाए गए बॉक्स ड्रेन का कुछ हिस्सा गलत लेवल पर बनने के कारण पानी के बहाव में परेशानी आ रही थी. मल्टी मॉडल हब के पास करीब 15 मीटर हिस्से की निचली ढलाई को पहले ड्रिल मशीन से तोड़ने का काम शुरू किया गया था. अब चैंबर तोड़कर नाले को और गहरा किया जा रहा है.

बुडको की ओर से नाले की सतह को करीब 14 इंच नीचे किया जा रहा है. इसका उद्देश्य नाले की सही ढलान तैयार करना है, ताकि बारिश का पानी बिना रुकावट आगे निकल सके. सफाई के दौरान नाले से करीब पांच बोरे प्लास्टिक की बोतलें भी निकली हैं. विभाग का दावा है कि सतह और ढलान का काम पूरा होने के बाद जंक्शन इलाके में जलजमाव की समस्या खत्म हो जाएगी.

नगर निगम की पाइपलाइन और 33 केवी बिजली केबल गुजरने के कारण भी नाले की ढलाई में लेवल को लेकर परेशानी हुई थी. अब इस हिस्से को ठीक किए जाने की बात कही गई है.

राजीव नगर में भी गलत लेवल से बढ़ी परेशानी

इसी तरह वार्ड नंबर छह के राजीव नगर में भी बॉक्स ड्रेन के निर्माण के बाद जलजमाव की समस्या पूरी तरह खत्म नहीं हुई. यहां रोड नंबर 24 से रोड नंबर 14 तक करीब 250 मीटर लंबा बॉक्स ड्रेन बनाया गया था. इसका निर्माण वर्ष 2025 में पूरा हुआ था.

रोड नंबर 16 से आने वाले पानी के लिए बनाए गए ब्रांच नाले का लेवल मुख्य नाले से ऊपर हो गया है. इसके कारण पानी मुख्य नाले में ठीक तरीके से नहीं पहुंच पा रहा है. स्थानीय लोगों के अनुसार हल्की बारिश के बाद भी रोड नंबर 16 में पानी जमा हो जाता है.

बारिश से पहले नाले की सफाई कराई गई थी, लेकिन गुरुवार से नगर निगम की ओर से फिर से सफाई शुरू कराई गई. नाले के चैंबर करीब 10 से 12 इंच मोटे और भारी हैं. इन्हें मानव बल से खोलना मुश्किल होने के कारण पोकलेन की मदद ली जा रही है. चैंबर निकालने के लिए आसपास की सड़क को भी तोड़ा जा रहा है.

जेटिंग मशीन फेल, अब पोकलेन-मैनुअल सफाई

राजीव नगर में बॉक्स ड्रेन की सफाई के लिए नगर निगम ने जेटिंग मशीन लगाई थी, लेकिन मशीन से काम नहीं हो सका. चैंबर चारों तरफ से फिक्स होने के कारण उसे निकालने के लिए सड़क का हिस्सा तोड़ना पड़ रहा है. भारी चैंबर को हटाने में पोकलेन का इस्तेमाल किया जा रहा है, जबकि नाले के अंदर की सफाई मैनुअल तरीके से कराई जा रही है.

सफाई के दौरान नाले के अंदर ढलाई में लगी लोहे की छड़ भी पूरी तरह ढकी नहीं मिली. इससे प्लास्टिक और कचरा फंसने की समस्या सामने आई है. वार्ड स्तर पर काम करने वाले निगम कर्मियों के अनुसार हल्की बारिश में ही रोड नंबर 16 में पानी जमा हो जाता है.

दोबारा तोड़कर सुधारना पड़ा निर्माण

पटना जंक्शन और राजीव नगर दोनों जगह की स्थिति से साफ है कि नाले का निर्माण पूरा होने के बाद भी लेवल और सफाई से जुड़ी समस्याएं सामने आ रही हैं. एक ओर 772 मीटर लंबे नाले की सतह को दोबारा तोड़कर ढलान सही की जा रही है, वहीं दूसरी ओर राजीव नगर में भारी चैंबर हटाकर नाले की सफाई करानी पड़ रही है.

बुडको के पीडी इंजीनियर विजय कुमार ने बताया कि नगर निगम की पाइपलाइन और 33 केवी बिजली केबल के कारण नाले की ढलाई के लेवल में समस्या आई थी. इसे अब ठीक कर लिया गया है और सतह का काम पूरा हो चुका है. केवल बुडको के हिस्से में चैंबर तोड़ना पड़ा है. चैंबर तैयार है और दो दिनों में काम पूरा होने की बात कही गई है. राजीव नगर के नाले के मामले में भी जानकारी ली जा रही है.

Also Read:


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रागिनी शर्मा

वर्तमान में मैं, रागिनी शर्मा पटना स्थित प्रभात खबर डिजिटल की टीम के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हूं. यहां मैं बिहार के विभिन्न जिलों से जुड़ी अहम खबरों, राजनीतिक-सामाजिक मुद्दों और ट्रेंडिंग विषयों पर काम कर रही हूं. मेरा उद्देश्य हर खबर को सरल, सटीक और प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करना है, ताकि पाठक न सिर्फ जानकारी प्राप्त करें बल्कि उससे जुड़ाव भी महसूस करें और डिजिटल पत्रकारिता को और अधिक सार्थक बनाया जा सके.

पत्रकारिता की पढ़ाई के दौरान ही मैंने प्रिंट और डिजिटल मीडिया की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. अपने कॉलेज के समय में हिंदुस्तान के साथ इंटर्नशिप के दौरान मुझे पहली बार वेब पोर्टल पर खबर लिखने और डिजिटल न्यूज राइटिंग का व्यावहारिक अनुभव मिला. इसी दौरान मैंने न्यूज़ लेखन, हेडलाइन स्ट्रक्चर और डिजिटल स्टोरी प्रेजेंटेशन की बुनियादी समझ विकसित की.

इसके बाद वर्ष 2025 में पत्रकारिता में ग्रेजुएशन पूरा करने के साथ ही मैंने अपने प्रोफेशनल करियर की शुरुआत की. डिजिटल मीडिया में मेरी पहली भूमिका फर्स्ट बिहार झारखंड के साथ रही, जहाँ मैंने एंकरिंग और ग्राउंड रिपोर्टिंग के माध्यम से बिहार के जमीनी मुद्दों को कवर किया. इस दौरान मैंने राज्य की राजनीति, सामाजिक सरोकारों और आम जनता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सक्रिय रूप से रिपोर्टिंग की.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >