अब गया रूट की ट्रेनों का बिहारशरीफ में ही होगा सफाई और मेंटेनेंस, कोचिंग कॉम्प्लेक्स बनाने को की मिली मंजूरी

बिहारशरीफ के पास एक नया रेलवे कोचिंग कॉम्प्लेक्स बनने जा रहा है, जिससे गया रूट की ट्रेनों का मेंटेनेंस यहीं होगा. इससे यात्रियों का समय बचेगा और परिचालन खर्च भी कम होगा.

Patna News (पटना) : गया रूट से सफर करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है. अब इस रूट पर चलने वाली ट्रेनों का सफाई और रखरखाव राजेंद्र नगर कोचिंग कॉम्प्लेक्स में नहीं, बल्कि बिहारशरीफ के पास बनने वाले नए कोचिंग कॉम्प्लेक्स में किया जाएगा. पूर्व मध्य रेलवे के प्रस्ताव पर रेलवे बोर्ड ने नए कोचिंग कॉम्प्लेक्स के निर्माण को मंजूरी दे दी है.

बिहारशरीफ-पावापुरी के बीच बनेगा कॉम्प्लेक्स

रेलवे सूत्रों के अनुसार, पूर्व मध्य रेलवे ने नए कोचिंग कॉम्प्लेक्स के लिए पहले शेखपुरा और बिहारशरीफ के विकल्प का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा था. सर्वे और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए बिहारशरीफ का चयन किया गया है. अब बिहारशरीफ और पावापुरी के बीच नया कोचिंग कॉम्प्लेक्स बनाने का निर्णय लिया गया है.

नए कॉम्प्लेक्स के निर्माण पर करीब 495 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है. रेलवे अधिकारियों के मुताबिक बजट उपलब्ध होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा. योजना के अनुसार करीब दो साल में कोचिंग कॉम्प्लेक्स तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है.

राजेंद्र नगर से ट्रेनों को भेजने में होती थी अतिरिक्त परेशानी

अभी गया रूट से खुलने वाली ट्रेनों का मेंटेनेंस पटना जंक्शन के पास स्थित राजेंद्र नगर कोचिंग कॉम्प्लेक्स में किया जाता है. बिहारशरीफ के पास नया कॉम्प्लेक्स बनने के बाद ट्रेनों को सफाई और रखरखाव के लिए पटना तक भेजने की जरूरत नहीं होगी.

इससे ट्रेनों को आने-जाने में लगने वाला अतिरिक्त समय और परिचालन खर्च कम होने की उम्मीद है. साथ ही गया रूट पर ट्रेनों के संचालन और मेंटेनेंस की व्यवस्था भी अधिक सुविधाजनक हो जाएगी.

नवादा से पटना तक कनेक्टिविटी को भी मिलेगा लाभ

रेलवे जानकारों के अनुसार पटना से नवादा तक सीधी रेल कनेक्टिविटी होने के बाद नवादा और आसपास के इलाकों के लोगों की पटना तक पहुंच आसान हुई है. नवादा से बिहारशरीफ की दूरी करीब 31 किलोमीटर और बिहारशरीफ से पटना की दूरी करीब 79 किलोमीटर है. दोनों को मिलाकर करीब 110 किलोमीटर की दूरी ट्रेन से लगभग दो से ढाई घंटे में पूरी होने की उम्मीद है.

गया रूट पर ट्रेनों की संख्या में बढ़ोतरी और भविष्य में यात्री दबाव को देखते हुए बिहारशरीफ में नए कोचिंग कॉम्प्लेक्स की जरूरत महसूस की जा रही थी. रेलवे बोर्ड की मंजूरी के बाद अब इस दिशा में आगे की प्रक्रिया शुरू होगी.

इसे भी पढ़ें : पटना: महावीर कैंसर संस्थान में नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान, मरीजों और कर्मियों ने लिया संकल्प



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By आनंद तिवारी

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >