नौबतपुर बाजार स्थित एनएच-139 पर तीनमुहानी के पास महीनों से खुला पड़ा नाले का चैंबर राहगीरों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है. रविवार की शाम खरीदारी करने आई एक महिला अचानक खुले चैंबर में गिर गई. हालांकि आसपास मौजूद स्थानीय लोगों की सतर्कता से महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया.
व्यस्त बाजार क्षेत्र में बढ़ रहा खतरा
स्थानीय लोगों के अनुसार यह चैंबर लंबे समय से खुला पड़ा है. बाजार क्षेत्र होने के कारण यहां प्रतिदिन हजारों लोगों और वाहनों की आवाजाही होती है. इसके बावजूद अब तक इसे ढंकने या सुरक्षा की कोई व्यवस्था नहीं की गई है. ग्रामीणों और दुकानदारों का कहना है कि खुले चैंबर के कारण बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक खतरा बना रहता है.
शिकायतों के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
स्थानीय निवासियों ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और नगर पंचायत प्रशासन को कई बार इस समस्या से अवगत कराया गया है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया. इससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है.
पहले भी हो चुके हैं दर्दनाक हादसे
क्षेत्र के लोगों ने बताया कि खुले नालों और चैंबरों के कारण पहले भी कई हादसे हो चुके हैं. बीते 19 फरवरी को नौबतपुर के सरासत गांव में ढाई वर्षीय बच्ची की नाले में गिरने से मौत हो गई थी. वहीं 14 फरवरी को फुलवारीशरीफ के इसोपुर में भी इसी तरह की घटना में एक मासूम की जान चली गई थी.
जल्द कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि किसी और बड़ी दुर्घटना का इंतजार करने के बजाय तत्काल खुले चैंबर को ढंकने और सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम किए जाएं. लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में किसी बड़े हादसे की जिम्मेदारी संबंधित विभागों की होगी.
