Ganga Steamer Service: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी और सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव ने मंगलवार को नासरीगंज घाट से 'गंगा वन' स्टीमर सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. नासरीगंज घाट से पानापुर घाट तक यह स्टीमर सेवा निशुल्क शुरू की गई है.
दियारा क्षेत्र के लोगों को मिलेगी बड़ी राहत
सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि यह सेवा दियारा क्षेत्र के हजारों लोगों के लिए बड़ी सौगात है. उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से लोगों को आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. अब निशुल्क स्टीमर सेवा शुरू होने से सुरक्षित, सुगम और नियमित यातायात की सुविधा मिलेगी.
सरकार ने विकास को बताया प्राथमिकता
रामकृपाल यादव ने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दियारा क्षेत्र के विकास और आम नागरिकों की सुविधाओं को प्राथमिकता दी जा रही है. उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आवागमन जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना है.
एक फेरे में 200 यात्री कर सकेंगे सफर
स्टीमर सेवा शुरू होने से नासरीगंज और पानापुर दियारा के बीच प्रतिदिन आने-जाने वाले छात्रों, किसानों, मजदूरों और ग्रामीणों को विशेष राहत मिलेगी. 'गंगा वन' स्टीमर की क्षमता एक फेरे में करीब 200 यात्रियों की है. इसके अलावा लगभग 25 मोटरसाइकिल और साइकिल भी एक साथ नदी पार कराई जा सकेंगी. यात्रियों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त लाइफ जैकेट और पुलिस बल की व्यवस्था की गई है.
शिक्षकों और ग्रामीणों ने जताई खुशी
बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ ने स्टीमर सेवा शुरू किए जाने पर सीएम सम्राट चौधरी, मंत्री रामकृपाल यादव, जिला प्रशासन और एसडीओ को बधाई दी. संघ के अनोज कुमार सहित अन्य शिक्षकों ने कहा कि गंगा में बढ़ते जलस्तर और तेज धारा के बीच नाव से सफर करना जोखिम भरा था. ऐसे में स्टीमर सेवा लोगों के लिए बड़ी राहत साबित होगी.
दियारा वासियों ने सरकार का जताया आभार
स्टीमर सेवा शुरू होने से दियारा क्षेत्र में खुशी का माहौल है. स्थानीय लोगों ने सीएम सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री और एनडीए सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया. ग्रामीणों का कहना है कि इस सेवा से उनका सफर अधिक सुरक्षित होगा तथा समय और पैसे दोनों की बचत होगी.
कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य अनामिका सिंह पटेल, एसडीओ अनिरुद्ध पांडेय, बीडीओ आलोक कुमार, भाजपा नेता ब्रजेश सिंह, गोरखनाथ शर्मा, शशि कुमार, संजय यादव, पूर्व पार्षद रुबी देवी, जेडीयू प्रदेश महासचिव विनोद कुमार सिंह, रिंकी कुशवाहा, रिंकी कुमार सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे.
Also Read: प्रशांत किशोर की जीत के पीछे 3 रणनीतिकार कौन? जिनकी मदद से नितिन नवीन के किले को ढहाया
