इंटर परीक्षा में छात्रों से अधिक छात्राएं होंगी शामिल

इंटर परीक्षा दो फरवरी से शुरू हो रही है. परीक्षा को लेकर तैयारी पूरी हो गयी है. परीक्षा दो से 13 फरवरी तक दो पालियों में आयोजित होगी

-पटना में 84 परीक्षा केंद्र पर शामिल होंगे 73 हजार 963 परीक्षार्थी

-इनमें 38 हजार 37 छात्राएं व 35 हजार 926 छात्र हो रहे शामिलसंवाददाता, पटना

इंटर परीक्षा दो फरवरी से शुरू हो रही है. परीक्षा को लेकर तैयारी पूरी हो गयी है. परीक्षा दो से 13 फरवरी तक दो पालियों में आयोजित होगी. इस बार इंटर वार्षिक परीक्षा में छात्राओं की संख्या अधिक है. इस बार इंटर वार्षिक परीक्षा 2026 में कुल 13 लाख 17 हजार 846 परीक्षार्थी शामिल होंगे. इनमें छात्राओं की संख्या छह लाख 75 हजार 844 व छात्रों की संख्या छह लाख 42 हजार दो है. इंटर में लड़कों की तुलना में 33 हजार 844 लड़कियां परीक्षा में अधिक शामिल होंगी. 2024 की परीक्षा की तुलना में इस बार परीक्षार्थियों की संख्या बढ़ी है. पिछले वर्ष 12,74,069 स्टूडेंट्स शामिल हुए थे. पटना में 73,963 परीक्षार्थी इंटर परीक्षा में शामिल होंगे. इसके लिए 84 सेंटर बनाये गये हैं. इनमें 38,037 छात्राएं एवं 35,926 छात्र शामिल होंगे. बिहार बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर ने बताया कि इंटर वार्षिक परीक्षा 2026 में भी स्टूडेंट्स के हित में ऑब्जेक्टिव व सब्जेक्टिव प्रश्नों में 100 प्रतिशत अतिरिक्त प्रश्नों का विकल्प दिया जायेगा, अर्थात जितने प्रश्नों का हल विद्यार्थियों द्वारा किया जाना है, उससे दोगुने संख्या में प्रश्न पूछे जायेंगे.

वीक्षक भी मोबाइल फोन लेकर नहीं जायेंगे

परीक्षा को लेकर सभी केंद्रों पर धारा 144 लगा दी गयी है. हर 25 परीक्षार्थी पर एक वीक्षक की प्रतिनियुक्ति होगी. परीक्षा कक्ष में कोई भी परीक्षार्थी एवं वीक्षक मोबाइल फोन लेकर नहीं जायेंगे. परीक्षा केंद्रों पर केंद्राधीक्षक एक फरवरी को सभी वीक्षकों की बैठक करेंगे और सभी स्टैटिक मजिस्ट्रेट इस दौरान उपस्थित रहेंगे. प्रत्येक परीक्षार्थी के लिए एक यूनिक आइडी जारी की गयी है, यह व्यवस्था वर्ष 2023 से ही लागू की गयी है.

एडमिट कार्ड में गड़बड़ी है तो, केंद्र पर जाना होगा पहचान पत्र लेकर

आनंद किशोर ने कहा कि वैसे परीक्षार्थी जिनका प्रवेश पत्र गुम हो गया हो, या घर पर छूट गया हो, तो ऐसी स्थिति में उपस्थिति पत्रक में स्कैंड फोटो से उसे पहचान कर और रॉल शीट से सत्यापित कर परीक्षा में बैठने की औपबंधिक अनुमति दी जायेगी. प्रवेश पत्र में गलती है, तो आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आइडी, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस अथवा फोटोयुक्त बैंक का पासबुक लेकर परीक्षा केंद्र पर आएं. इसके साथ ही पहचान पत्र की छायाप्रति राजपत्रित अधिकारी से सत्यापित करा कर परीक्षा केंद्र पर जमा करनी होगी.

कल से काम करेगा कंट्रोल रूम

कंट्रोल रूम की स्थापना की गयी है. यह एक फरवरी सुबह छह बजे से 13 फरवरी के शाम छह बजे तक काम करेगा. कंट्रोल रूम के 0612-2232257 या 0612-2232227 पर संपर्क कर सकते हैं. व्हाट्सएप ग्रुप भी बनाया गया है. समिति के अध्यक्ष आनंद किशोर ने बताया कि परीक्षा की शुचिता बनाये रखने के लिए समिति ने ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपनायी है. परीक्षा केंद्रों पर दो स्तर पर फ्रिस्किंग, सीसीटीवी कैमरे, प्रति 500 परीक्षार्थी पर एक वीडियोग्राफर और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गयी है. किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ, इयरफोन आदि पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा.

अवैध प्रवेश पर कड़ी कार्रवाई

मुख्य द्वार बंद होने के बाद जबरन या अवैध रूप से प्रवेश करने परपरीक्षार्थी को दो वर्षों के लिए निष्कासन और प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई होगी. साथ ही, इसमें सहयोग करने वाले केंद्राधीक्षकों या अन्य कर्मियों पर भी कड़ी कार्रवाई तय है.

परीक्षा केंद्र के आसपास बंद रहेंगे फोटो स्टेट की दुकानें : डीएम

पटना जिला पदाधिकारी डॉ त्यागराजन एसएम इंटर परीक्षा के सफल संचालन के लिए शुक्रवार को बैठक की. बैठक में उन्होंने कहा है कि परीक्षा केंद्रों के आसपास फोटो स्टेट दुकानें परीक्षा के दौरान बंद रहेंगी. परीक्षा 84 केंद्रों पर संचालित की जायेगी. दो स्तर पर परीक्षार्थियों की फ्रिस्किंग की जायेगी. कदाचारमुक्त परीक्षा संचालन के लिए पटना सदर अनुमंडल में 80 स्टैटिक दण्डाधिकारियों, 17 गश्ती दंडाधिकारी एवं 10 जोनल दंडाधिकारी-सह-उड़नदस्ता पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गयी है. जिला नियंत्रण कक्ष में 15 गश्ती तथा जोनल-सह-उड़नदस्ता दण्डाधिकारी एवं 15 स्टैटिक दंडाधिकारी सुरक्षित रहेंगे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ANURAG PRADHAN

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >