Patna News : बक्सर, आरा, पटना साहिब व दानापुर में भी लगेगी लोको पायलट के लिए मसाजर मशीन

राजेंद्र नगर टर्मिनल की तरह अब बक्सर, आरा, पटना साहिब व दानापुर स्टेशन पर भी ऑटोमेटिक लेग मसाजर मशीन लगाने की कवायद शुरू होगी. इस मशीन की मदद से लोको पायलट व गार्ड अपनी थकान दूर कर सकेंगे.

संवाददाता, पटना : ट्रेनों के लोको पायलट, सहायक लोको पायलट और गार्डों की थकान कहीं रेल हादसे का कारण न बने इसके लिए रेलवे ने स्टेशनों पर उनकी थकान दूर करने की व्यवस्था की है. राजेंद्र नगर टर्मिनल की तरह अब दानापुर मंडल के चार स्टेशनों पर भी थकान मिटाने के लिए ऑटोमेटिक लेग मसाजर मशीन लगाने की कवायद शुरू होगी. इनमें पटना के साथ-साथ बक्सर, आरा, पटना साहिब व दानापुर स्टेशन शामिल हैं. इस मशीन की मदद लोको पायलट, सहायक लोको पायलट और गार्ड अपनी थकान दूर कर सकेंगे. रेलवे अधिकारियों के मुताबिक लगातार 12 घंटे की ड्यूटी के बाद रेलवे के लोको पायलट व गार्डों पर थकान इस कदर हावी हो जाती है कि उन्हें घंटों आराम करना पड़ता है. कई बार कम अंतराल व दूसरी ट्रेन पर ड्यूटी लग जाने के कारण उन्हें दिक्कत का सामना करना पड़ता था. पैरों की मांसपेशियों के दर्द से जूझना पड़ता था, लेकिन अब इससे कुछ राहत मिलेगी.

रनिंग रूम में लगायी जायेंगी मशीनें

ये मशीनें लोको पायलट व गार्ड रनिंग रूम में लगायी जायेंगी. ड्यूटी ऑफ करने के बाद इन ऑटोमेटिक मशीनों से घुटनों से लेकर पैर के तलवों तक की मसाज होगी. करीब 15 से 20 मिनट बाद इन पर पैरों की मसाज से थकान दूर हो जायेगी. एक वरिष्ठ क्रू कंट्रोलर ने बताया कि रेल प्रशासन ने अभी तक इस तरह की फिटनेस मसाजर मशीन बड़े जंक्शन के रनिंग रूम में ही लगायी थीं. लेकिन अब धीरे-धीरे मंडल के सभी प्रमुख स्टेशनों पर भी लगाने की प्रक्रिया की जा रही है. उन्होंने बताया कि रोजा आरा, बक्सर जैसे स्टेशनों पर भी रोजाना लगभग 15 से 20 लोकोपायलट व गार्ड आते हैं. ऐसे में इन मशीन से काफी मदद मिलेगी. उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में इन मशीनों की संख्या बढ़ायी जायेंगी. इन्हें अन्य महत्वपूर्ण स्टेशनों पर भी लगाया जायेगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >