पटना के रूपसपुर में 28 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध मौत, फ्लैट में फंदे से लटकी मिली

पटना के रूपसपुर थाना क्षेत्र में एक 28 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध मौत ने सनसनी फैला दी है. उर्मिला पैलेस अपार्टमेंट में फंदे से लटकता मिला शव. परिजनों का कहना है कि उन्हें दामाद से कोई शिकायत नहीं है, लेकिन मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही होगा.

पटना के दानापुर स्थित रूपसपुर थाना क्षेत्र के विजय नगर स्थित उर्मिला पैलेस अपार्टमेंट में रविवार देर रात एक 28 वर्षीय विवाहिता ने कथित तौर पर फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया.

मृतका की हुई पहचान

मृतका की पहचान विजय नगर स्थित उर्मिला पैलेस के फ्लैट संख्या-204 निवासी राजेश कुमार की पत्नी लक्ष्मी कुमारी (28 वर्ष) के रूप में हुई है. वह मूल रूप से जानीपुर थाना क्षेत्र के महंगूपुर गांव की रहने वाली थीं. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. बताया जाता है कि मृतका के पति वाहन चालक हैं.

परिजनों ने नहीं लगाया कोई आरोप

रूपसपुर थानाध्यक्ष शशिभूषण सिंह ने बताया कि मृतका के पिता ने पुलिस को बताया है कि उन्हें अपने दामाद से कोई शिकायत नहीं है. उन्होंने यह भी कहा कि उनकी बेटी ने किन कारणों से यह कदम उठाया, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है. फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

संजय कुमार प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. चौसा (मधेपुरा) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >