Patna Crime News : दानापुर के रूपसपुर थाना क्षेत्र के डीपीएस मोड़ स्थित प्रियदर्शी नगर में रविवार रात लड़की को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद के बाद मारपीट और फायरिंग का मामला सामने आया. घटना में एक युवक घायल हो गया. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है. उसके घर से पिस्टल, गोली, खोखा, पिलेट और 7.08 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई है.
विवाद के बाद हुई मारपीट और फायरिंग
एसडीपीओ अजीत कुमार ने सोमवार को प्रेस वार्ता में बताया कि रविवार रात सूचना मिली थी कि डीपीएस स्कूल के समीप लड़की को लेकर दो युवकों के बीच विवाद हो गया है. विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्षों में मारपीट हुई और गोलीबारी की घटना हुई. सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लोगों से घटना के संबंध में पूछताछ की.
घर में छापेमारी कर शिवम को पकड़ा
एसडीपीओ के नेतृत्व में प्रभारी थानाध्यक्ष नीतू कुमार पुलिस बल के साथ मामले की जांच में जुटीं. पुलिस ने गोलीबारी के आरोपी शिवम कुमार के प्रियदर्शी नगर स्थित घर पर छापेमारी की और उसे गिरफ्तार कर लिया. शिवम कुमार डीपीएस स्कूल, रूपसपुर का रहने वाला बताया गया है.
पिस्टल, गोली और खोखा समेत शराब बरामद
पुलिस के अनुसार शिवम के घर से एक पिस्टल, एक गोली, एक खोखा, एक पिलेट और 7.08 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई है. मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस एक अन्य युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. गिरफ्तार शिवम कुमार से पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
