मरीन ड्राइव पर इस महीने तक लगेंगी प्री-फैब्रिकेटेड दुकानें, होंगी ये सभी आधुनिक सुविधाएं

Marine Drive: मरीन ड्राइव की खूबसूरती को बढ़ाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है. ऐसे में दीघा वेंडिंग जोन के निर्माण के लिए पहले 2.96 करोड़ का बजट आवंटित किया गया था. अब वेंडरों की अस्थायी शिफ्टिंग पर 59 लाख खर्च किए जायेंगे.

Marine Drive: (हिमांशु देव, पटना) जेपी गंगा पथ (मरीन ड्राइव) के किनारे बेतरतीब तरीके से लगने वाले ठेला-खोमचा दुकानदारों को व्यवस्थित करने के लिए नगर निगम ने तैयारी तेज कर दी है. दीघा गोलंबर के नीचे वेंडिंग जोन बनाने के लिए दानापुर अंचलाधिकारी से एनओसी मिलने के बाद काम में तेजी आई है. वर्तमान में गंगा घाट के किनारे लग रही दुकानों के कारण वेंडरों को धूल और कम मुनाफे की समस्या झेलनी पड़ रही है. इन सभी को अटल पथ से रेलवे क्रॉसिंग के बीच करीब 55 हजार वर्गफुट खाली जगह में शिफ्ट किया जाएगा.

नगर निगम ने तय किया लक्ष्य

वेंडिंग जोन को विकसित करने के लिए पेवर ब्लॉक बिछाने और हाई मास्ट लाइट लगाने जैसे कार्यों पर 2.96 करोड़ रुपये खर्च होंगे. निगम ने 15 मई तक करीब 250 दुकानदारों को यहां अस्थायी रूप से बसाने का लक्ष्य रखा है, जिसकी तैयारी के लिए 59 लाख रुपये अलग से आवंटित किए गए हैं. दूसरे फेज में यहां फुट ओवरब्रिज, पार्किंग, शौचालय और पेयजल जैसी सुविधाएं दी जाएंगी. भविष्य में यहां पार्क और एंटरटेनमेंट जोन बनाने की भी योजना है.

अगस्त तक लगेंगी 50 आधुनिक प्री-फैब दुकानें

स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत जेपी गंगा पथ पर अगस्त तक 50 अत्याधुनिक प्री-फैब्रिकेटेड दुकानें लगाई जाएंगी. करीब 7.18 करोड़ रुपये की इस परियोजना में 45 छोटी और 5 बड़ी दुकानें शामिल होंगी. इन्हें 10-10 के पांच समूहों (क्लस्टर) में बांटा गया है. इन दुकानों में बिजली, ड्रेनेज, प्लंबिंग और एलईडी लाइटिंग की आधुनिक सुविधाएं होंगी. इनके रखरखाव की जिम्मेदारी तीन साल तक संबंधित एजेंसी की होगी.

नियमों के फेर में फंसा 500 दुकानों का प्रोजेक्ट

इससे पहले स्मार्ट सिटी मिशन के तहत गंगा पथ पर 15.45 करोड़ रुपये की लागत से 500 प्री-फैब दुकानें लगाने की योजना थी. इनमें से 200 से अधिक दुकानें इंस्टॉल भी हो गई थीं, लेकिन डिजाइन और गाइडलाइन की अनदेखी के कारण जनवरी 2026 में इन्हें हटाना पड़ा. नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) की ओर से गंगा पथ पर स्थायी निर्माण पर रोक लगाने के बाद अब नई डिजाइन के साथ परियोजना पर काम शुरू किया गया है, ताकि गंगा तट की सुंदरता और वहां का दृश्य प्रभावित न हो.

Also Read: बेगूसराय में डूबने से किशोर की मौत, जानिए कैसे हुआ पूरा हादसा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Preeti Dayal

डिजिटल जर्नलिज्म में 3 साल का अनुभव. डिजिटल मीडिया से जुड़े टूल्स और टेकनिक को सीखने की लगन है. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं. बिहार की राजनीति और देश-दुनिया की घटनाओं में रुचि रखती हूं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >